आसमान में मौत को मात देने वाले पायलट कैप्टन स्मित की सेहत में सुधार: UAE भारतीय दूतावास ने साझा किया ताजा मेडिकल अपडेट
डेस्क। हवा में सैकड़ों जिंदगियों की हिफाजत करने वाले जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। संयुक्त अरब अमीरात में स्थित भारतीय दूतावास ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि बेहतरीन चिकित्सकीय देखरेख के बीच कैप्टन स्मित तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
परिजनों को पूरी मदद, स्थानीय प्रशासन का सहयोग
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे कैप्टन स्मित के परिवारजनों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं। उन्हें हर जरूरी सहायता दी जा रही है। दूतावास ने कैप्टन के समुचित इलाज और विशेष देखभाल के लिए संयुक्त अरब अमीरात सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन स्मित के बीच हुई आत्मीय मुलाकात का एक वीडियो भी दूतावास द्वारा साझा किया गया था।
UPDATE:Indian braveheart Capt. Smit remains under excellent medical care & is recovering well. We are in touch with his family & local authorities, extending support for a speedy recovery.
Our thanks to UAE gov. for their care. We join well-wishers in praying for his good health. pic.twitter.com/405dR2tfTY— India in UAE (@IndembAbuDhabi) October 3, 2026
30 सितंबर का वह खौफनाक मंजर
बीती 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव की उड़ान भर रहे फ्लाईदुबई के विमान में उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब ओमानी को-पायलट ने प्लेन को अगवा करने की कोशिश की। उसने कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी से कैप्टन स्मित पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प के दौरान महज 30 सेकंड के भीतर विमान करीब 1400 फीट नीचे गोता खा गया, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई।
साहस, सूझबूझ और चमत्कारिक लैंडिंग
गंभीर रूप से लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने होश नहीं खोया। उन्होंने मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए तुरंत कॉकपिट का दरवाजा खोला और विमान को दोबारा स्थिर कर सुरक्षित जमीन पर उतारा। दरवाजा खुलते ही सफर कर रहे एक प्लंबर और एक डेंटिस्ट समेत मुसाफिरों ने केबिन क्रू के साथ मिलकर उपद्रवी को दबोच लिया, जिससे 174 यात्रियों का जीवन सुरक्षित बच सका।

