गृह मंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा: होटल ताज में एमपी सरकार के साथ अहम बैठक, नारकोटिक्स पर करेंगे पीसी; देखें समयवार कार्यक्रम
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल आगमन पर राजा भोज अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर जोरदार स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। गृह मंत्री शनिवार को राजधानी में नए कानूनों की प्रदर्शनी, गोपालकों के महासम्मेलन, प्रशासनिक समीक्षा बैठक और उच्च शिक्षण संस्थान के विस्तार जैसे अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
नए कानूनों पर प्रदर्शनी और गोपालक सम्मेलन
शनिवार सुबह के सत्र में अमित शाह भेल दशहरा मैदान पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे वे भारतीय न्याय संहिता एवं नए आपराधिक कानूनों पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसके तुरंत बाद, दोपहर 12:05 बजे से आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और पशुपालकों व किसानों को संबोधित करेंगे।
सरकार के साथ समीक्षा और नारकोटिक्स पर प्रेस कॉन्फ्रेंस
दोपहर में भेल दशहरा मैदान से होटल ताज लेक फ्रंट लौटने के बाद गृह मंत्री का दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक का समय लंच के लिए निर्धारित है, जहां सरकार और संगठन के प्रमुख नेताओं से सामयिक विषयों पर अनौपचारिक बातचीत होगी। इसके बाद दोपहर 2:15 से 4:15 बजे तक वे राज्य सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच विभिन्न लंबित मामलों को लेकर समीक्षा बैठक लेंगे। शाम 4:15 बजे अमित शाह मादक पदार्थों की रोकथाम और नारकोटिक्स नियंत्रण पर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
IISER भौंरी में स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण
शाम को गृह मंत्री भोपाल बायपास स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के भौंरी परिसर पहुंचेंगे। वे संस्थान के नवविस्तारित ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास करेंगे और मुख्य परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। शाम 7:30 बजे संस्थान से रवाना होकर अमित शाह स्टेट हैंगर पहुंचेंगे और 7:50 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे।

