Mon. Sep 28th, 2026

CEC के खिलाफ आर-पार के मूड में कांग्रेस: हथकड़ी लगाकर निकले पटवारी-सिंघार, बैरिकेडिंग पर टकराव में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे चोटिल

भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) से इलेक्शन कमीशन के दफ्तर का घेराव करने निकले हजारों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने व्यापम चौराहे के पास लिंक रोड पर भारी बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए गए वाटर कैनन के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई, जिसमें विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के पैर में चोट आई और करीब पांच कार्यकर्ता घायल हो गए।

हथकड़ी पहनकर पहुंचे जीतू पटवारी और उमंग सिंघार

प्रदर्शन को धार देने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेता अनूठे अंदाज में नजर आए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार अपने हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ियां बांधकर मार्च में शामिल हुए। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब स्वायत्त संस्था न रहकर केंद्र के इशारों पर काम कर रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। इस विशाल पैदल मार्च में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक महेश परमार समेत कई वर्तमान विधायक और पदाधिकारी बड़ी तादाद में शामिल रहे।

बैरिकेडिंग पर चढ़े विधायक, वाटर कैनन से कार्यकर्ताओं को खदेड़ा

जैसे ही प्रदर्शनकारी लिंक रोड पर पहुंचे, पहले से मुस्तैद भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स हटाकर निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने की जिद पर अड़े रहे। इसी गहमागहमी के बीच उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और विधायक महेश परमार पुलिस बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने तत्काल वाटर कैनन चालू कर पानी की तेज बौछारें छोड़ दीं।

धक्का-मुक्की में गिरे हेमंत कटारे, अस्पताल ले जाया गया

वाटर कैनन की तेज धार और बैरिकेड्स पर हुई धक्का-मुक्की के चलते ऊपर चढ़े नेता और कार्यकर्ता नीचे आ गिरे। इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे का संतुलन बिगड़ा और वे नीचे गिर पड़े, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आ गई। कटारे के साथ मौजूद अन्य चार-पांच कार्यकर्ताओं को भी चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए पूरे क्षेत्र को खाली कराया और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

‘इस्तीफे तक जारी रहेगा सड़क पर संघर्ष’

प्रदर्शन के बाद जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा हालिया चुनावों और मतदाता सूची में की गई गड़बड़ियों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की नींव है और जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन पूरे प्रदेश में अलग-अलग स्तरों पर जारी रहेगा।

About The Author

इन्हें भी पढ़े