Bank Strike Postponed: ग्राहकों को बड़ी राहत! तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल हुई स्थगित, सोमवार को सामान्य रहेंगे कामकाज
Bank Strike Postponed: क्या सोमवार से बंद रहने वाले थे सभी बैंक? ग्राहकों की टेंशन बढ़ाने वाली तीन दिन की हड़ताल आखिर क्यों और कैसे टल गई? जानिए बैंक यूनियनों और आईबीए के बीच हुई उस बड़ी बैठक की हर एक बात, जिससे देश भर के करोड़ों लोगों को मिली है बड़ी राहत।
देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच सफल बातचीत के बाद सोमवार से शुरू होने वाली तीन दिनों की प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। इसके चलते अब बैंक अपने तय समय पर सामान्य रूप से खुलेंगे और बैंकिंग कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
क्यों टली बैंक हड़ताल?
रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में बैंक यूनियनों की मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी, जिसके बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला किया गया। यूनियन द्वारा जारी बयान के अनुसार मुख्य सहमति के बिंदु निम्नलिखित हैं:
पाच दिवसीय सप्ताह (5-Day Work Week): सभी शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक संयुक्त समिति तुरंत बनाई जाएगी, जो सभी पक्षों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखकर समाधान खोजेगी।
पीएलआई स्कीम (PLI Scheme): स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई स्कीम में बदलाव को लेकर चर्चा शुरू की जाएगी ताकि उनकी चिंताओं को सरकार के सामने रखा जा सके।
अन्य लंबित मुद्दे: 8 मार्च, 2024 की बैठक के मिनट्स में उल्लेखित अन्य लंबित मामलों पर भी जल्द चर्चा कर उनका समाधान निकाला जाएगा।

ग्राहकों को मिली बड़ी राहत
यदि यह हड़ताल नहीं टलती, तो सोमवार से बुधवार तक लगातार तीन दिनों तक सरकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक बंद रहते। इससे चेक क्लियरेंस, कैश जमा और निकासी जैसी जरूरी सेवाएं ठप हो सकती थीं। हालांकि, अब हड़ताल टलने से देश भर की बैंक शाखाएं सुचारू रूप से काम करेंगी और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

