Sat. Sep 26th, 2026

सुनीता पर भड़की गोविंदा की ‘गर्लफ्रेंड’, पति को मारने की कोशिश का लगाया आरोप

मुंबई: गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के बीच कथित अफेयर की चर्चाओं ने एक नया मोड़ ले लिया है। एक्ट्रेस कोमल रानी ने इंस्टाग्राम पर सुनीता आहूजा को लेकर गंभीर और सनसनीखेज दावे किए हैं। हाल ही में, कोमल ने गोविंदा के साथ लालबागचा राजा पंडाल का दौरा किया। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो काफी चर्चा में रहे। इसके कुछ ही समय बाद, सुनीता आहूजा ने भी दक्षिणेश्वर काली मंदिर के दर्शन किए। उन्‍होंने अपनी यात्रा के एक वीडियो में कहा, ‘मेरा घर बिना किसी वजह के टूट रहा है।’ अब कोमल रानी ने सुनीता पर पलटवार करते हुए लिखा है, ‘जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता।’ यही नहीं, यह भी दावा किया है कि सुनीता ‘अपने पति को मारने की कोश‍िश कर रही।’

कोमल रानी असल में गोविंदा की आने वाली फिल्म रूपा की एक्ट्रेस हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में दोनों को अक्सर साथ देखे जाने की वजह से उनके अफेयर की अफवाहें उड़ने लगी हैं। अब पहली बार कोमल रानी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और एक लंबा नोट पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि सुनीता ने उनके खिलाफ साजिश रची थी।

कोमल रानी लिखती हैं, ‘जो औरत सालों से अपने ही पति की जान लेने की कोशिश कर रही हो, ऐसी औरतों की बद्दुआएं किसी को नहीं लगतीं। जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता। हमारे देश के लोग इतने बेवकूफ नहीं हैं कि किसी के कहने पर कि ‘कौआ तुम्हारा कान ले गया’, वे कौए के पीछे भागने लगेंगे। मुझे समझ नहीं आता कि एक महिला किस तरह के दर्द से गुजर रही है, जहां उसे ठीक करने की कोशिश करने के बजाय, वह उसे सबके सामने दिखाने में लगी है। क्या यह सच में दर्द है या यह सोच-समझकर रची गई कोई साजिश है?’

गोविंदा को मानसिक रूप से परेशान करती हैं सुनीता आहूजा- कोमल

यूपी की रहने वाली कोमल रानी स्वर्णकार आगे लिखती हैं, “किसी पुरुष को लगातार मानसिक रूप से परेशान करना, उसे काम करने से रोकना, घर पर बैठने और बर्बाद होने के लिए मजबूर करना, उसे पूरी तरह अलग-थलग कर देना और मौत के कगार पर पहुंचा देना—मुझे नहीं लगता कि कोई भी अच्छी और समर्पित पत्नी अपने पति के साथ इतनी बेरहमी से पेश आ सकती है।”

ऐसी मह‍िलाएं मान‍िसक रूप से बीमार या बहुत चालाक- कोमल

कोमल रानी ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा, “क्या ऐसी औरतें मानसिक रूप से बीमार हैं, या वे बस बहुत चालाक हैं और अच्छी तरह जानती हैं कि लोगों की सहानुभूति हासिल करके वे सबके सामने वो सब पा सकती हैं जो वे बंद दरवाजों के पीछे हासिल नहीं कर पाईं? अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करना बंद करें। भगवान हर भले आदमी को ऐसी चालाक औरतों से बचाए।”

गोविंदा और कोमल रानी के अफेयर की चर्चा कब शुरू हुई

गोविंदा और कोमल रानी के बीच कथित अफेयर की चर्चा इस साल की शुरुआत में तब शुरू हुई, जब दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया। हालांकि, उनके बीच रोमांटिक रिश्ते की खबरें सिर्फ अफवाहें ही हैं, क्योंकि किसी भी पक्ष ने इसकी पुष्टि नहीं की है। दूसरी ओर, गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी 1987 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं – बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। सुनीता ने बीते कुछ महीनों में कई बार अपनी शादी के बारे में बात की है। उन्‍होंने कुछ महीने पहले गोविंदा से तलाक की अर्जी भी दी थी, जो अब उन्‍होंने वापस ले लिया है। (एजेंसी)

 

About The Author