Govinda-Sunita Controversy: ‘जो मेरा घर बर्बाद कर रही है, माता उसे देखे…’, गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने मंदिर में छलका दर्द; Gen Z से लगाई मदद की गुहार
Govinda-Sunita Controversy: बॉलीवुड के ‘चीची’ यानी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनिता आहूजा की पर्सनल लाइफ इन दिनों लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले कुछ समय से गोविंदा का नाम उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़े जाने की अफवाहें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं। हाल ही में जब दोनों को लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान एक साथ देखा गया, तो इन चर्चाओं को और हवा मिल गई। हालांकि गोविंदा इन सभी बातों को खारिज कर चुके हैं और कोमल के साथ अपने रिश्ते को महज प्रोफेशनल बता चुके हैं, लेकिन अब सुनीता आहूजा का एक बड़ा बयान सामने आया है।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर में छलका सुनीता का दर्द
हाल ही में सुनीता आहूजा कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर में माता के दर्शन करने पहुंचीं। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी जिंदगी में चल रही उथल-पुथल पर खुलकर बात की। सुनीता ने कहा कि वह अपनी जिंदगी की परेशानियों को दूर करने और न्याय के लिए मां के दरबार में आई हैं।
‘मेरे भी जीवन में कुछ राक्षस हैं…’
सुनीता आहूजा ने मीडिया से बात करते हुए बेहद भावुक और कड़े शब्दों में कहा:
“मेरे भी जीवन में कुछ राक्षस हैं और मैं माता के द्वार पर यह प्रार्थना करने आई हूं कि उनका नाश हो। जो मेरे साथ हो रहा है, वह बिल्कुल अच्छा नहीं हो रहा है। मेरा घर बिना वजह टूट रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि मां काली हमेशा से ही बुराई और राक्षसों का नाश करने वाली रही हैं, इसलिए उन्हें पूरा विश्वास है कि उनके जीवन से भी यह संकट जल्द दूर होगा।
जेन जी और महिलाओं से की सपोर्ट की अपील
इस मुश्किल वक्त में सुनीता ने देश के युवाओं (Gen Z) और महिलाओं से आगे आकर उनका साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा, “अगर आपकी बेटी या बहू को ऐसी किसी स्थिति से गुजरना पड़े, तो आप क्या करेंगे? मैं चाहती हूं कि सभी जेन जी बच्चे और महिलाएं मेरा समर्थन करें। जो मेरे साथ हो रहा है, उसके खिलाफ सभी को एक स्टैंड लेना चाहिए।”
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के बीच अफेयर की चर्चाएं तब शुरू हुईं जब दोनों को एयरपोर्ट और फिर लालबागचा राजा के पंडाल में साथ देखा गया। इन सब के बीच दिसंबर 2024 में सुनीता द्वारा तलाक की अर्जी दिए जाने की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि बाद में मामला सुलझने की बात कही गई थी। अब एक बार फिर सुनीता के इस सार्वजनिक बयान ने इस विवाद को तूल दे दिया है, जिस पर फैंस और इंडस्ट्री की निगाहें टिकी हुई हैं।

