Fri. Sep 25th, 2026

Cyclone Arnab से छत्तीसगढ़ बेहाल, हाईवे पर भरा पानी; ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित

Cyclone Arnab In Chhattisgarh: चक्रवात अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में कल रात से ही मूसलाधार बारिश जारी है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बलोद, धमतरी, कबीरधाम, राजनांदगांव, बस्तर, महासमुंद और कांकेर जैसे जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

रायपुर शहर में भरा पानी

लगातार हो रही भारी बारिश से राजधानी रायपुर के निचले इलाकों, मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। रायपुर के आसपास की नदियां और नाले उफान पर हैं और जिले के प्रमुख बांध ओवरफ्लो हो रहे हैं। जल संग्रहण क्षेत्र में लगातार पानी आने के कारण बांधों के फाटक पानी निकालने के लिए खोले जा रहे हैं, जिससे मैदानी इलाकों में जलभराव हो रहा है।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से तैयार कर ली है। रायपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को बचाया जा रहा है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) और जिला प्रशासन की टीमों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है।

स्कूलों में छुट्टी की घोषणा

मौसम में बदलाव और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, रायपुर, दुर्ग और बालोद सहित कई जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। त्रैमासिक परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं।

भारी बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र के अनुसार, रायपुर और आसपास के जिलों में अगले कुछ घंटों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने निवासियों से अपील की है कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें और जलभराव वाले अंडरपास, उफनती नालियों या पुलों को पार करने से बचें।

ट्रेनें और फ्लाइट कैंसिल

इसके अलावा, किरंदुल-विशाखापत्तनम मार्ग पर चलने वाली ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन हुआ है। जगदलपुर-हैदराबाद की उड़ान भी रद्द कर दी गई है। गरियाबंद समेत कई जिलों में बारिश से स्थिति और बिगड़ रही है। बांधों के द्वार खोले जा रहे हैं।

मानसूनी बारिश का कोटा पूरा

छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून की बारिश राज्य के सामान्य स्तर तक पहुंच गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 25 सितंबर, 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 100.1% यानी सामान्य बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 25 सितंबर तक की अवधि में राज्य में औसतन 1082.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के आधार पर इस अवधि के लिए संभावित औसत बारिश 1081.5 मिमी मानी जाती है। अकेले पिछले 24 घंटों में ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में औसतन 52.8 मिमी बारिश हुई है। (एजेंसी)

About The Author