Thu. Sep 24th, 2026

शेयर बाजार में भूचाल! सेंसेक्स 1200 अंक क्रैश, निफ्टी में भी जोरदार गिरावट

Stock Market Crash: गुरुवार को कारोबार शुरू होते ही शेयर बाजार धराशायी हो गया। दोनों ही सूचकांकों में भारी गिरावट आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सूचकांक खुलने के साथ ही 700 से अधिक अंक गिर गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक भी इसी राह पर चला। एनएसई निफ्टी खुलने के साथ ही 200 से अधिक अंक गिर गया। जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, दोनों सूचकांकों में गिरावट तेज होती गई। दोपहर करीब 2 बजे, बीएसई सेंसेक्स 1,100 अंक नीचे कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी लगभग 300 अंक फिसल गया।

सेंसेक्स-निफ्टी में खुलते ही भूचाल

गुरुवार को शेयर बाजार खुलते ही, बीएसई सेंसेक्स 74,272 पर खुला, जो पिछले बंद भाव 74,828 से काफी नीचे था, और फिर कुछ ही मिनटों में तेजी से गिर गया। मात्र पांच मिनट के कारोबार में, सेंसेक्स 700 से अधिक अंक गिरकर 74,120 पर आ गया।शुरुआती कारोबार में बात एनएसई निफ्टी की करें, तो ये 50 शेयरों वाला इंडेक्स भी सेंसेक्स के कदम से कदम मिलाकर चलता हुआ नजर आया। Nifty अपने पिछले बंद 23,446 की तुलना में गिरावट लेकर 23,221 पर खुला और फिर 200 अंक से ज्यादा टूटकर 23,205 के लेवल पर कारोबार करता हुआ नजर आया था। वहीं खबर लिखे जाने पर दोपहर 2 बजे, सेंसेक्स 1200 अंक से ज्यादा या 1.57 फीसदी की बड़ी गिरावट लेकर 73,582 पर आ गया था। तो वहीं निफ्टी 375 अंकों की गिरावट के साथ 23,048 तक लुढ़क गया।

ताश के पत्तों की तरह बिखरे ये शेयर

शेयर बाजार में आई गिरावट के बीच, रिलायंस से लेकर एचडीएफसी बैंक तक के शेयरों में गिरावट देखी गई। सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाले शेयरों में बीएसई के लार्ज कैप स्टॉक बजाज फाइनेंस (5%), एक्सिस बैंक (3.70%), बजाज फिनसर्व (3.50%) और कोटक बैंक (2%) शामिल थे। इसके अलावा मिडकैप कैटेगरी में शामिल Policy Bazar Share (10%), MFSL Share (9.10%), AU Bank Share (5%), IDFC First Bank Share (3.30%), Yes Bank Share (2.60%) फिसल गए।

NSE IPO की आज लिस्टिंग, क्या होगा?

शेयर बाजार में उथल-पुथल मची हुई है, और ऐसे माहौल में एनएसई के शेयर बाजार में उतरने वाले हैं। इससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि ₹22,561.57 करोड़ मूल्य का यह एनएसई आईपीओ 17 से 21 सितंबर तक खुला और निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। हालांकि, ग्रे मार्केट में इस आईपीओ की लिस्टिंग धीमी रहने के संकेत मिल रहे हैं। लिस्टिंग से पहले एनएसई आईपीओ का जीएमपी लगभग 2% ही है।

बाजार क्रैश के ये बड़े कारण

शेयर बाजार में गिरावट के कारणों की बात करें तो, अमेरिकी और एशियाई दोनों बाजारों में आई गिरावट ने शेयर बाजार के माहौल को प्रभावित किया है। पिछले कारोबारी दिन डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज (डीजेआई) में 250 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इसका कारण अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड का दो दशकों के उच्चतम स्तर पर पहुंचना था। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगातार बढ़ रही है और यह 100 डॉलर से ऊपर कारोबार कर रही है। (एजेंसी)

 

About The Author