Mon. Sep 21st, 2026

Sudan Gold Mine Collapse: सोने की खदान धंसने से 11 मजदूरों की मौत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

Sudan Gold Mine Collapse: सूडान में सोने की एक अनौपचारिक खदान के सुरंग ढहने से बड़ा हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में 11 खनिकों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा कई अन्य लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

एक हफ्ते में दूसरी बड़ी दुर्घटना

यह दर्दनाक घटना रविवार को हुई, जो सूडान में एक हफ्ते के भीतर किसी अनौपचारिक सोने की खदान के ढहने की दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे ठीक एक हफ्ते पहले देश के पश्चिमी हिस्से में एक अन्य सोने की खदान ढहने से 82 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि वह इलाका पैरामिलिट्री ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ (RSF) के नियंत्रण में है, जो पिछले तीन साल से अधिक समय से सूडानी सेना के खिलाफ संघर्षरत है।

अब तक 11 शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मीडिया रिपोर्ट्स और सरकारी कंपनी ‘सूडानी मिनरल रिसोर्सेज कंपनी’ के एक अधिकारी के अनुसार, ओनी में खदान ढहने की यह घटना शनिवार रात शुरू हुई थी। रविवार तक राहत टीम ने मलबे से 11 शव बरामद कर लिए हैं और 30 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। लापता मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।

सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी

सरकारी कंपनी ने इस खदान हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। गौरतलब है कि बड़े पैमाने पर सोना पैदा करने वाले देश सूडान में इस तरह के खदान हादसे आम बात बन गए हैं, क्योंकि यहाँ खनन के दौरान सुरक्षा मानकों और नियमों का बड़े पैमाने पर पालन नहीं किया जाता है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े