फोन स्क्रीन पर H+ नेटवर्क दिखे तो इसका क्या मतलब है? जानें इंटरनेट के लिए यह अच्छा है या बुरा और स्पीड बढ़ाने के 2 आसान उपाय
आजकल स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का बेहद अहम हिस्सा बन चुका है। हम में से ज्यादातर लोग 4G या 5G हाई-स्पीड इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कई बार अचानक फोन के नेटवर्क बार के पास 4G या 5G का सिंबल गायब हो जाता है और उसकी जगह ‘H+’ लिखा हुआ दिखने लगता है। ऐसे में इंटरनेट की स्पीड या तो बेहद धीमी हो जाती है या फिर पूरी तरह रुक जाती है।
आइए समझते हैं कि फोन पर ‘H+’ दिखने का असली मतलब क्या है, यह इंटरनेट के लिए अच्छा है या बुरा और इसे तुरंत ठीक करने के लिए आपको क्या करना चाहिए।
फोन पर ‘H+’ दिखने का मतलब क्या है?
H+ असल में HSPA+ (Evolved High Speed Packet Access) का सिंबल है। इसे वर्ष 2008 में लॉन्च किया गया था। सरल शब्दों में कहें तो यह 3G नेटवर्क का सबसे एडवांस और बेहतर वर्जन है, जिसे 3G 2.0 भी कहा जाता है।
शुरुआती दौर में इसे 4G के रूप में भी प्रमोट किया गया था। स्पीड की बात करें तो HSPA+ में अधिकतम 21 Mbps की डाउनलोड स्पीड और 11 Mbps तक की अपलोड स्पीड मिल सकती है। 5G की तुलना में यह काफी धीमी है, लेकिन 3G के जमाने में इसे काफी तेज माना जाता था।
H और H+ में क्या अंतर है?
कई बार फोन में बिना प्लस (+) वाला केवल ‘H’ सिंबल दिखाई देता है। लोग H और H+ को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में बड़ा अंतर है:
H (HSDPA): यह High Speed Downlink Packet Access को दर्शाता है। यह पुरानी और धीमी 3G तकनीक है।
H+ (HSPA+): यह HSDPA से बेहतर और अपग्रेटेड वर्जन है, जो बेहतर अपलोड और डाउनलोड स्पीड देता है।
क्यों दिखता है आपके फोन पर यह सिंबल?
आज के समय में Jio, Airtel और Vi जैसी निजी टेलीकॉम कंपनियों के यूजर्स को यह सिंबल शायद ही दिखाई दे, क्योंकि इन कंपनियों ने अपने 4G और 5G इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी मजबूत कर लिया है।
हालांकि, यदि आप BSNL का सिम इस्तेमाल कर रहे हैं, या फिर किसी ऐसी बंद जगह (जैसे बेसमेंट या लिफ्ट) में हैं जहां 4G/5G का सिग्नल कमजोर है, तो आपका फोन अपने आप बेहतर कनेक्टिविटी के लिए ‘H+’ नेटवर्क पर शिफ्ट हो जाता है।
फोन पर ‘H+’ दिखे तो तुरंत करें ये 2 काम
अगर आपके फोन पर अचानक H+ दिखने लगे और इंटरनेट स्लो हो जाए, तो इसे ठीक करने के लिए ये उपाय अपनाएं:
फ्लाइट मोड ऑन/ऑफ करें: अपने फोन के क्विक सेटिंग्स मेन्यू में जाएं और एरोप्लेन (फ्लाइट) मोड को 5-10 सेकंड के लिए ऑन करें, फिर ऑफ कर दें। ऐसा करने से आपका फोन नए सिरे से नजदीकी 4G/5G टावर से कनेक्ट होता है।
खुले स्थान पर जाएं: अगर आप घर के किसी अंदरूनी कमरे या बेसमेंट में हैं, तो खिड़की के पास या किसी खुले इलाके में जाएं। इससे फोन को बेहतर सिग्नल मिलेंगे और 4G/5G नेटवर्क वापस आ जाएगा।

