Tue. Nov 3rd, 2026

‘Bigg Boss 20’ में किचन फाइट से मचा बवाल: माही विज और आम्रपाली दुबे में तीखी झड़प; भोजपुरी कमेंट पर गरमाया माहौल

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती और दुश्मनी का नया रंग देखने को मिल रहा है। शो में टीवी एक्ट्रेस माही विज (Mahhi Vij) और भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे (Amrapali Dubey) के बीच चल रही पुरानी तकरार अब एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। इस बार विवाद की शुरुआत किचन में खाना पकाने को लेकर हुई, जिसने देखते ही देखते बड़े झगड़े का रूप ले लिया।

किचन में दखलंदाजी से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, घर में खाना बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहीं आम्रपाली दुबे जब कुकिंग कर रही थीं, उसी दौरान माही विज किचन में आकर चिकन बनाने के तरीके पर सवाल उठाने लगीं। आम्रपाली को माही का यह दखल पसंद नहीं आया और उन्होंने साफ कहा कि जब वह जिम्मेदारी संभाल रही हैं, तो उन्हें अपने तरीके से खाना बनाने दिया जाए। आम्रपाली ने यह भी ताना मारा कि माही खुद खाना नहीं बनातीं, लेकिन दूसरों की कुकिंग पर सवाल उठाती हैं।

रो पड़ीं माही विज: ‘मेरे घर पर कुक है’

विवाद के बाद माही विज काफी गुस्से में नजर आईं और घर के दूसरे सदस्यों के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं। अपनी सफाई देते हुए माही ने कहा, “मुझे नहीं आता खाना बनाना। मेरे घर पर कुक है और मैंने कुक रखने के लिए बहुत मेहनत की है।” इसके बाद माही का गुस्सा और भड़क गया और उन्होंने आम्रपाली को चेतावनी देते हुए कहा, “मेरी जूती, मैं उन्हें दो मिनट में खत्म कर दूंगी।”

भोजपुरी पहचान पर कमेंट से गरमाया माहौल

बहस के दौरान मामला तब और बिगड़ गया जब माही ने भोजपुरी भाषा और क्षेत्रीय पहचान को लेकर एक तीखी टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, “थूकते होंगे भोजपुरी के लोग इस पर।” माही के इस कमेंट के बाद घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

दूसरी तरफ, आम्रपाली दुबे ने भी पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब आम्रपाली ने माही से खाना बनाते समय दूर रहने को कहा, तो माही बोलीं- “तुम मेरे लिए मायने ही नहीं रखतीं।” इस पर आम्रपाली ने करारा जवाब देते हुए कहा कि जब माही खुद खाना बनाती हैं, तो 16 लोगों के लिए भी पूरा नहीं पड़ता। फिलहाल, इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों के बीच दुश्मनी और गहरा गई है।

About The Author

SKY TMT