Tue. Sep 15th, 2026

देश में कम हुई बेरोजगारी: अगस्त में खूब मिला काम, गांवों और महिलाओं के लिए बड़ी राहत

नई दिल्ली। देश में रोजगार और श्रम बाजार की स्थिति को लेकर आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के अगस्त 2026 के आंकड़े उत्साहजनक संकेत दे रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में श्रम बल भागीदारी और रोजगार अनुपात दोनों में ठोस प्रगति दर्ज की गई है। सबसे उल्लेखनीय सुधार ग्रामीण भारत और महिला कार्यबल के मोर्चे पर देखने को मिला है, जहां ग्रामीण बेरोजगारी घटकर इस साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। यह सर्वेक्षण ‘करंट वीकली स्टेटस’ पर आधारित है, जिसके तहत देशभर के 3,70,160 नागरिकों जिसमें ग्रामीण: 2,11,353 और शहरी: 1,58,807 के विस्तृत आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।

लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन और रोजगार अनुपात में उछाल

देश की कुल श्रम बल भागीदारी दर जुलाई के 55.4 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 55.6 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो अगस्त 2025 में 55 प्रतिशत थी। गांवों में LFPR बढ़कर 58.2 प्रतिशत दर्ज हुआ (जुलाई में 58%), जबकि शहरों में यह 50.4 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रहा। कुल रोजगार अनुपात (WPR) जुलाई के 52.5 प्रतिशत से बढ़कर 52.8 प्रतिशत हो गया। यह मार्च 2026 के बाद का सर्वोच्च स्तर है। वहीं, ग्रामीण WPR 55.4 प्रतिशत से सुधरकर 55.8 प्रतिशत पहुंच गया।

महिला कार्यबल में लगातार दूसरे महीने मजबूती

रिपोर्ट में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को लेकर बेहद सकारात्मक रुझान सामने आया है। कुल महिला श्रम भागीदारी दर जुलाई के 34.4 प्रतिशत से बढ़कर 34.8 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण महिला भागीदारी में मजबूत बढ़त दिखी और यह 38.8 प्रतिशत से बढ़कर 39.4 प्रतिशत पर जा पहुंची। महिलाओं का रोजगार अनुपात भी सालाना आधार पर सुधरा है, जो अगस्त 2025 के 32 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 33 प्रतिशत हो गया।

ग्रामीण बेरोजगारी दर 8 महीने के न्यूनतम स्तर पर

अगस्त 2026 में देश की कुल बेरोजगारी दर 5.1 प्रतिशत से घटकर 5.0 प्रतिशत रह गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर जुलाई के 4.5 प्रतिशत से लुढ़ककर 4.1 प्रतिशत पर आ गई, जो जनवरी 2026 के बाद का सबसे निचला स्तर है। शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 6.7 प्रतिशत से मामूली बढ़कर 6.8 प्रतिशत रही। वहीं पुरुषों की बेरोजगारी दर लगातार तीसरे महीने घटकर 4.9 प्रतिशत पर आ गई, जबकि महिलाओं की कुल बेरोजगारी दर 5.1 प्रतिशत और ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर घटकर 3.9 प्रतिशत रह गई।

About The Author

इन्हें भी पढ़े