Disha Salian की मौत की फिर होगी जांच, CBI ने दर्ज की FIR; जानिए अब आगे क्या होगा
Disha Salian Case: क्या छह साल बाद सचमुच से परदा उठेगा कि उस रात दिशा सालियान के साथ वास्तव में क्या हुआ था? पिता के सनसनीखेज गैंगरेप और हत्या के आरोपों के बाद अब सीबीआई की एंट्री से इस हाई-प्रोफाइल मामले में भूचाल आ गया है। जानिए क्या है पूरी अंदर की कहानी।
दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। करीब छह साल पुराने इस केस में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद आखिरकार FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। ताजा घटनाक्रम में दिशा के पिता सतीश सालियान अपने वकील नीलेश ओझा के साथ CBI के सामने पेश हुए और चार घंटे से ज्यादा समय तक अपना बयान दर्ज कराया।
पिता के गंभीर आरोप और कोर्ट के निर्देश:
सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने अपने बयान में एक अभिनेता और एक राजनेता का नाम भी शामिल किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को CBI को जांच करने और FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच में पर्याप्त सबूत मिलने तक किसी को भी आरोपी न माना जाए।
साल 2020 की घटना और राजनीतिक कनेक्शन:
दिशा सालियान, जिन्होंने कुछ समय के लिए दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी काम किया था, की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची इमारत से गिरने से हुई थी। उस समय मुंबई पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ (ADR) मानते हुए आत्महत्या की बात कही थी। इस मामले में पहले शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे का नाम भी सामने आया था, हालांकि आदित्य ठाकरे ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया था। अब CBI की एंट्री के बाद इस मामले की नए सिरे से गहन जांच की जाएगी।

