Mon. Sep 14th, 2026

कवि गोस्वामी तुलसीदास की जिंदगी पर बनेगी फिल्म! ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक ने किया ऐलान

नई दिल्ली: “हनुमान अंश” के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी इन दिनों सुर्खियों में हैं, क्योंकि 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने विश्व स्तर पर 268 करोड़ रुपये की कमाई की है। नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म “हनुमान अंश” की सफलता के बाद, विशाल चतुर्वेदी और महावीर जैन फिल्म्स ने महान कवि गोस्वामी तुलसीदास की अमर कथा पर आधारित फिल्म “रामबोला” की घोषणा की है। फिल्म का पहला पोस्टर हाल ही में जारी किया गया है। दरअसल, महावीर जैन फिल्म्स और हाल ही में प्रभावशाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी एक साथ मिलकर भारत के महान संत, कवि और आध्यात्मिक व्यक्तित्व महाकवि गोस्वामी तुलसीदास के असाधारण जीवन को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने जा रहे हैं।

Latest and Breaking News on NDTV

रामबोला का किया ऐलान

“रामबोला” का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी करेंगे। यह फिल्म महान कवि गोस्वामी तुलसीदास के उल्लेखनीय जीवन सफर को दर्शाएगी, जिनकी भक्ति, साहित्य और शब्दों ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा पर अमिट छाप छोड़ी है। फिल्म का निर्माण महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह करेंगे।महावीर जैन फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म एक ऐसे संत की कालजयी कहानी को जीवंत करने का प्रयास है, जिनकी भक्ति, परिवर्तन और सनातन से जुड़ी यात्रा आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है।

हनुमान अंश की 38 दिनों में कमाई

लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की फिल्म “हनुमान अंश” ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है और अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शुमार हो गई है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर SacNilk के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, रविवार को, यानी फिल्म के 38वें दिन, हनुमान अंश ने 8,902 शो से ₹22.50 करोड़ की कमाई की, जिससे इसका भारत में कुल नेट कलेक्शन ₹214.63 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन ₹253.55 करोड़ हो गया है। वहीं ओवरसीज फिल्म ने 38वें दिन 5 करोड़ की कमाई की, जिसके बाद ओवरसीज कलेक्शन 14.50 करोड़ रहा है। इसके साथ वर्ल्डवाइड कलेक्शन 268.05 करोड़ पहुंच गया है।

महावीर जैन फिल्म्स की अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट

महावीर जैन फिल्म्स ने फिल्मों की एक मजबूत लाइन-अप विकसित करना जारी रखा है, जिसमें मृगदीप सिंह लांबा की “नागजिला” शामिल है, जिसमें कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका में हैं, सूरज बड़जात्या की “ये प्रेम मोल लिया”, जिसमें आयुष्मान खुराना और शारवरी अभिनीत हैं, और “व्हाइट”, जो वैश्विक आध्यात्मिक नेता गुरुदेव श्री श्री रविशंकर से प्रेरित कहानी है, जिसमें विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं। (एजेंसी)

About The Author