Mon. Sep 14th, 2026

IPS भानुप्रताप सिंह की शादी बनी सुर्खियों में, लव मैरिज के बाद थाने तक पहुंचा विवाद

IPS Bhanupratap Singh: बिहार के खगड़िया में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब राजस्थान के भरतपुर तक पहुंच गया है। आईपीएस अधिकारी की पत्नी पूजा ने भरतपुर के मथुरा गेट पुलिस स्टेशन में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति और ससुराल वाले उनकी छह वर्षीय बेटी को उनसे छीनने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा इसे पारिवारिक विवाद बताकर तुरंत कार्रवाई से इनकार करने के बाद पूजा देर रात तक थाने में ही बैठी रहीं।

बिहार से राजस्थान के भरतपुर पहुंचीं पत्नी

आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के निवासी हैं, लेकिन उनका परिवार भरतपुर की गीता कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। खबरों के अनुसार, भानु प्रताप पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी के साथ भरतपुर में रह रहे थे। जब उनकी पत्नी पूजा को इस बात का पता चला, तो वह सीधे बिहार से भरतपुर के लिए रवाना हो गईं। पूजा ने बताया कि वह सबसे पहले गीता कॉलोनी स्थित अपने ससुराल गईं और लगभग एक घंटे तक दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला। इसके बाद वह विजय नगर में अपनी ननद के घर भी गईं, जहां भी उन्हें अंदर नहीं आने दिया गया। निराश होकर पूजा मदद की गुहार लेकर मथुरा गेट थाने पहुंचीं।

2015 में हुआ था प्रेम विवाह

पुलिस को दिए अपने बयान में पूजा ने बताया कि उनकी और भानु प्रताप की मुलाकात 2015 में एक कार्यक्रम में हुई थी। उन्होंने अपने परिवारों की इच्छा के विरुद्ध जाकर शादी की। पूजा का मायका राजस्थान के झुंझुनू जिले की उदयपुरवाटी तहसील के तिवारी का वास गांव में है। शादी के बाद पूजा ने लगभग पांच साल तक भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम किया और अपने परिवार का सहयोग किया। उसी दौरान भानुप्रताप ने यूपीएससी की तैयारी की और उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में हो गया। पूजा का कहना है कि चयन के बाद शुरुआती समय तो ठीक बीता, लेकिन अब उनके रिश्तों में कड़वाहट आ चुकी है और विवाद 6 साल की बेटी की कस्टडी तक पहुंच गया है।

पुलिस ने की IPS से फोन पर बात

फिलहाल, मथुरा गेट पुलिस स्टेशन के अधिकारी (SHO) ने आईपीएस भानु प्रताप सिंह से फोन पर बात की है, लेकिन उन्होंने कहा है कि आगे की कार्रवाई केवल कानूनी प्रक्रिया और जांच के आधार पर ही की जाएगी। (एजेंसी)

About The Author