पत्नी-बेटियों की हत्या से दहला जयपुर, शेयर बाजार में घाटे के बाद राहुल ने उठाया घातक कदम
जयपुर: जयपुर के करधनी इलाके में स्थित गोविंद वाटिका में बीते दिन हुई एक घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। राहुल झा नाम के एक व्यक्ति ने अपने ही हाथों अपने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। इस त्रासदी के पीछे की वजह अब सामने आ गई है। शेयर बाजार में भारी नुकसान, बढ़ते कर्ज और घरेलू कलह से परेशान होकर राहुल झा ने अपनी पत्नी गीता और अपनी तीन छोटी बेटियों—नंदिनी, राधिका और गिरीशा—की भारी सीमेंट की ईंट से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी राहुल फरार है।
कर्ज और मकान बेचने की जिद ने बनाया कातिल
एडिशनल DCP राजेश गुप्ता के अनुसार, राहुल पर भारी कर्ज था और वह गोविंद वाटिका वाला घर बेचना चाहता था, जो उसकी पत्नी के नाम पर था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। राहुल ने हाल ही में एक पड़ोसी से 50,000 मांगे थे, लेकिन उसे सिर्फ 25,000 ही मिल पाए। जहां एक तरफ उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाकर घर का खर्च चलाने की कोशिश कर रही थी और उनकी बड़ी बेटी पढ़ाई के साथ-साथ काम भी कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ आर्थिक तंगी ने राहुल को मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
तड़के 4 से 5 बजे के बीच वारदात दी अंजाम
FSL की जांच के मुताबिक, राहुल ने यह अपराध सुबह 4:00 से 5:00 बजे के बीच किया। शक है कि उसने पहले अपने परिवार वालों को कोई नशीली चीज सुंघाई और फिर सीमेंट की ईंट से उन पर हमला किया। राहुल के बुज़ुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा, जो ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, को इस घटना के बारे में बिल्कुल भी पता नहीं चला। सुबह खबर मिलने पर रिश्तेदार और पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां परिवार के लोग बुरी तरह सदमे में थे और उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था। फ़िलहाल, पुलिस की कई टीमें आरोपी राहुल की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। (एजेंसी)

