Fri. Sep 11th, 2026

SBI-PNB समेत बैंक लगातार 3 दिन बंद, 5-डे वर्किंग पर हड़ताल; 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन स्ट्राइक की चेतावनी

SBI PNB Bank Strike

देशभर में बैंक ग्राहकों के लिए अगले तीन दिन अहम रहने वाले हैं। SBI, PNB और Union Bank समेत कई सरकारी और कुछ निजी बैंकों की शाखाओं में शुक्रवार से कामकाज प्रभावित रहेगा। बैंक यूनियनों ने 5-day banking लागू करने समेत कई मांगों को लेकर एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। यानी ग्राहकों को लगातार तीन दिनों तक ब्रांच से जुड़ी सेवाओं के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, UPI, ATM और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

5-डे वर्किंग की मांग पर बैंक यूनियनों की हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) लंबे समय से बैंकों में सप्ताह में सिर्फ पांच दिन कामकाज लागू करने की मांग कर रहा है। यूनियन के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर करीब दो साल से अंतिम मंजूरी का इंतजार है। 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच 12वें द्विपक्षीय समझौते तथा 9वें जॉइंट नोट पर हस्ताक्षर हुए थे। इसमें पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव शामिल था। प्रस्ताव के अनुसार, कर्मचारियों को सोमवार से शुक्रवार तक हर दिन करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम करना होगा। इसके बदले शनिवार को भी बैंक की छुट्टी रहेगी।

अभी क्या है व्यवस्था?

फिलहाल बैंक शाखाओं में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। नए प्रस्ताव के लागू होने के बाद महीने के हर शनिवार बैंक बंद रहेंगे। यानी कर्मचारियों के काम के दिनों में कमी के बजाय सप्ताह के पांच कार्यदिवसों में रोजाना काम का समय बढ़ाकर इसकी भरपाई की जाएगी।

read more: रांची में बड़ा हादसा, मारवाड़ी कॉलेज के पास गिरी पानी की टंकी; दो मजदूरों की मौत

PLI स्कीम को लेकर भी नाराजगी

बैंक यूनियनों का विरोध सिर्फ 5-डे बैंकिंग तक सीमित नहीं है। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की नई PLI (Performance Linked Incentive) गाइडलाइंस को लेकर भी यूनियनों ने आपत्ति जताई है। UFBU का आरोप है कि नई व्यवस्था में अलग-अलग स्तर के कर्मचारियों के लिए इंसेंटिव में बड़ा अंतर रखा गया है। स्केल IV और उससे ऊपर: व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर 365 दिनों तक के बेसिक पे के बराबर PLI का प्रावधान।
वर्कमेन और स्केल I से III: अधिकतम 15 दिनों के बेसिक पे + DA तक PLI। यूनियनों की मांग है कि PLI को बैंक के सामूहिक प्रदर्शन से जोड़ा जाए और स्केल VII तक के कर्मचारियों के लिए इंसेंटिव व्यवस्था में समानता रखी जाए।

PLI विवाद पहुंचा श्रम आयुक्त और हाईकोर्ट तक

PLI को लेकर विवाद अब सुलह प्रक्रिया के तहत मुख्य श्रम आयुक्त के सामने भी है। इसके अलावा नई इंसेंटिव व्यवस्था को दिल्ली हाईकोर्ट में भी चुनौती दी गई है। यूनियनों का कहना है कि इस मामले को बातचीत के जरिए सुलझाकर इंसेंटिव स्कीम में जरूरी बदलाव किए जाने चाहिए।

पेंशन और OPS भी प्रमुख मांगों में शामिल

बैंक कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के साथ अपनी कुछ पुरानी मांगों को भी फिर से उठाया है। इनमें सभी पेंशनभोगियों के लिए पेंशन अपडेशन, रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए समान महंगाई भत्ता फार्मूला और NPS में शामिल कर्मचारियों को Old Pension Scheme (OPS) में जाने का विकल्प देने की मांग शामिल है।

26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बैंक यूनियनों ने संकेत दिया है कि अगर उनकी मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और बड़ा हो सकता है। UFBU ने 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। फिलहाल ग्राहकों के लिए सलाह है कि जरूरी ब्रांच संबंधी काम पहले निपटा लें। तीन दिन बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के जरिए अधिकांश सामान्य लेनदेन किए जा सकेंगे।

About The Author