रांची में बड़ा हादसा, मारवाड़ी कॉलेज के पास गिरी पानी की टंकी; दो मजदूरों की मौत
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मारवाड़ी कॉलेज इलाके में एक दुखद हादसा हुआ है। वहां पानी की एक जर्जर टंकी अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। टंकी के मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिए गए। हादसे की खबर मिलते ही NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद NDRF के जवानों ने मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनमें से दो की मौत हो चुकी थी। खबरों के मुताबिक, हादसे के समय करीब पांच मजदूर टैंक को तोड़ने के काम में लगे हुए थे।
मौके पर मौजूद थे 4-5 मजदूर- SDM
घटना के बारे में जानकारी देते हुए रांची के SDM कुमार रजत ने कहा, “पानी की एक टंकी गिर गई है। दो मजदूरों के फंसे होने की खबर मिली थी। हमने उनमें से एक को बचा लिया है और अस्पताल भेज दिया है। हमें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक़ वहां चार या पांच लोग काम कर रहे थे, लेकिन खबरों से पता चलता है कि सिर्फ दो लोग ही फंसे थे, जबकि बाकी लोग शायद बच निकले।”
मारवाड़ी कॉलेज जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुए इस हादसे ने कंस्ट्रक्शन और रखरखाव से जुड़े सुरक्षा नियमों में कमियों को उजागर कर दिया है। दो बेगुनाह मजदूरों की जान जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। निवासियों ने लापरवाही की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मलबा हटा दिया है और हादसे की वजह की जांच चल रही है। (एजेंसी)

