Mon. Sep 7th, 2026

Mobile Freeze Scam: सावधान! फोन फ्रीज होना सिर्फ तकनीकी खराबी नहीं, साइबर अपराधियों का नया पैंतरा; खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

Mobile Freeze Scam: अगर आपका स्मार्टफोन सोशल मीडिया पर किसी विज्ञापन या अनजान लिंक पर क्लिक करने के बाद अचानक फ्रीज (Hang) हो गया है, तो इसे केवल फोन की सामान्य तकनीकी खराबी समझने की गलती भारी पड़ सकती है। साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने एक बेहद शातिर डिजिटल फ्रॉड को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। इस नए स्कैम में फोन का फ्रीज होना असल में कोई तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि यूजर्स को डराकर अपने जाल में फंसाने की एक सोची-समझी साजिश होती है।

ऐसे शुरू होता है ठगी का खेल

इस स्कैम में साइबर ठग सबसे पहले फर्जी एरर मैसेज, पॉप-अप विज्ञापनों या नकली कस्टमर केयर कॉल के जरिए यूजर से संपर्क करते हैं। वे यूजर को इस बात का विश्वास दिलाते हैं कि उनके मोबाइल, बैंकिंग ऐप या UPI अकाउंट में कोई बड़ी खराबी आ गई है या उनका खाता ब्लॉक होने वाला है। इसके बाद, समस्या ठीक करने, रिवॉर्ड, कैशबैक या वेरिफिकेशन के बहाने यूजर को एक खतरनाक APK (एंड्रॉयड एप्लीकेशन पैकेज) फाइल डाउनलोड करने के लिए उकसाया जाता है।

ध्यान भटकाने के लिए फोन फ्रीज करने का नाटक

साइबर सुरक्षा संस्था Quick Heal Technologies के CEO हरीश कुमार के अनुसार, मोबाइल का फ्रीज होना अक्सर असली घटना नहीं बल्कि यूजर का ध्यान भटकाने का एक तरीका होता है। जैसे ही यूजर बहकावे में आकर उस फर्जी/मैलिशियस ऐप को फोन में इंस्टॉल कर लेता है, वह ऐप धीरे-धीरे फोन की Accessibility, नोटिफिकेशन, SMS और अन्य संवेदनशील एक्सेस परमिशन हासिल कर लेता है।

बिना UPI एन्क्रिप्शन तोड़े ऐसे हो रही ठगी

परमिशन मिलते ही साइबर अपराधी फोन पर आने वाले OTP और नोटिफिकेशन को आसानी से पढ़ लेते हैं। इसके अलावा वे स्क्रीन पर होने वाली हर गतिविधि (Screen Monitoring) पर नजर रखते हैं और कई मामलों में तो डिवाइस का पूरा कंट्रोल अपने हाथों में ले लेते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि इसके लिए स्कैमर्स को UPI की सिक्योरिटी या एन्क्रिप्शन ब्रेक करने की भी जरूरत नहीं पड़ती। वे सीधे यूजर की घबराहट, फोन की डिटेल्स और ट्रांजैक्शन प्रोसेस को टारगेट करके पैसे उड़ा लेते हैं।

साइबर एक्सपर्ट्स की सलाह:

  • अंजान APK डाउनलोड न करें: गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर के अलावा किसी भी थर्ड-पार्टी लिंक या मैसेज से APK फाइल कभी इंस्टॉल न करें।
  • अनजान लिंक्स से बचें: सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने विज्ञापनों या एरर पॉप-अप्स पर क्लिक करने से बचें।
  • कस्टमर केयर नंबर की जांच करें: किसी भी बैंकिंग समस्या के लिए केवल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए संपर्क नंबरों का ही उपयोग करें।

About The Author

इन्हें भी पढ़े