Mon. Sep 7th, 2026

दुबई में सीएम डॉ. मोहन यादव का ग्लोबल मिशन: AIM कांग्रेस-2026 में 20 हजार प्रतिनिधियों के बीच पेश किया ‘एमपी मॉडल’, GIS-2027 का दिया आमंत्रण

दुबई/भोपाल। मध्य प्रदेश में औद्योगिक विस्तार, पूंजी निवेश और रोजगार के नए अवसरों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 सितंबर को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित वैश्विक निवेश सम्मेलन ‘एआईएम कांग्रेस-2026’ के मंच पर पहुंचे। दुनिया के इस सबसे बड़े निवेश आयोजनों में से एक इस सम्मेलन में 180 से अधिक देशों के करीब 20,000 प्रतिनिधि, सॉवरेन वेल्थ फंड्स और प्रमुख कॉर्पोरेट हस्तियां शामिल हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच से दुनिया भर के निवेशकों को भोपाल में प्रस्तावित ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027’ में शामिल होने का औपचारिक न्योता दिया।

ताज दुबई में राज्य की पारंपरिक कला और ओडीओपी प्रदर्शनी का शुभारंभ

अपने प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री ने ताज दुबई (बिजनेस बे) में मध्य प्रदेश के एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) और भौगोलिक संकेतक (GI) उत्पादों पर केंद्रित एक भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आकर्षित करने के लिए लगाई गई इस प्रदर्शनी में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सामने रखा गया। इसमें प्रमुख रूप से शामिल रहे:

बैतूल: बेल मेटल क्राफ्ट

अशोकनगर: विश्वप्रसिद्ध चंदेरी साड़ी

खरगोन: पारंपरिक महेश्वरी साड़ी

उज्जैन: बाटिक प्रिंट कला

भोपाल: ऐतिहासिक जरी-जरदोजी शिल्प

ग्वालियर: पारंपरिक हाथ से बुने कालीन

इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय शिल्पकारों और बुनकरों के उत्पादों को खाड़ी देशों सहित दुनिया भर के रिटेल और थोक बाजारों से जोड़ना है।

अरब संसद के अध्यक्ष से अहम रणनीतिक बैठक

सम्मेलन के इतर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यामाही से विस्तृत द्विपक्षीय चर्चा की। बैठक में मध्य प्रदेश और अरब राष्ट्रों के बीच सोलर व ग्रीन एनर्जी, फार्मास्युटिकल, मेडिकल इक्विपमेंट, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग और स्मार्ट सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर में संयुक्त निवेश की संभावनाओं पर विचार किया गया। सीएम ने मोहम्मद अहमद अल यामाही और उनके प्रतिनिधिमंडल को मध्य प्रदेश आने और राज्य की औद्योगिक नीतियों का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का आमंत्रण दिया।

खाद्य सुरक्षा और मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ा बाजार

संयुक्त अरब अमीरात अपनी कुल खाद्य जरूरतों का 85 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा आयात करता है। वर्ष 2024 में यूएई का खाद्य आयात 16.2 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका था, जहां भारतीय मूल के प्रवासियों की बड़ी तादाद के कारण गेहूं, दालों और प्रोसेस्ड फूड की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है।

आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 के अनुसार, मध्य प्रदेश दाल और मक्का उत्पादन में देश में शीर्ष पर है, जबकि गेहूं और कुल खाद्यान्न उत्पादन में दूसरे स्थान पर काबिज है। देश का 60% सोयाबीन भी मध्य प्रदेश से आता है। इस विशाल उत्पादन क्षमता को सीधे खाड़ी के बाजारों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री की लूलू ग्रुप के चेयरमैन यूसुफ अली एमए के साथ होने वाली बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस रणनीति से प्रदेश के किसानों को फसलों के बेहतर दाम और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नई पूंजी मिलने का रास्ता साफ होगा।

About The Author