Vaibhav Suryavanshi का शतक से कैसा बैर! 92 पर फिर आउट, 9 महीने में 7वीं बार हुआ ऐसा
Vaibhav Suryavanshi: क्रिकेट जगत में जब भी 90 के फेर में आउट होने यानी ‘नर्वस नाइंटीज’ की बात आती है, तो सबसे पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का नाम जुबान पर आता है। सचिन अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 28 बार 90 से 99 रनों के बीच आउट हुए थे, जिसमें टेस्ट क्रिकेट में 10 और वनडे में 18 बार उनके साथ ऐसा हुआ था। अब ठीक इसी अनचाही लिस्ट की ओर युवा वैभव सूर्यवंशी तेजी से बढ़ते दिखाई दे रहे हैं, जहां किस्मत उनका इम्तिहान ले रही है।
पिछले नौ महीनों में सात बार शतक से चूके वैभव
महज 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ पिछले कुछ समय से 90s का आंकड़ा पीछा नहीं छोड़ रहा है। हाल ही में दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन 92 रनों के निजी स्कोर पर हर्ष दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। पिछले नौ महीनों के भीतर यह सातवां मौका रहा जब वह 90 के फेर में फंसकर अपने शतक से चूक गए।
इस सिलसिले की शुरुआत 4 नवंबर 2025 को रणजी ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ 93 रनों की पारी से हुई थी। इसके बाद 10 जनवरी 2026 को स्कॉटलैंड U-19 के खिलाफ वार्म-अप मैच में वह 96 रन बनाकर आउट हुए। आईपीएल 2026 के दौरान भी उनका बल्ला खूब गरजा, जहां उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 93 रन, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 96 रनों की शानदार पारियां खेलीं, लेकिन हर बार शतक से चंद कदम दूर रह गए। इसके अलावा 21 जून 2026 को श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में भी वह 94 रन पर आउट हो गए थे।
दलीप ट्रॉफी में बना सबसे कम उम्र में फिफ्टी का महारिकॉर्ड
शतक से चूकने का मलाल भले ही हो, लेकिन इस 15 साल के बल्लेबाज ने अपनी 42 गेंदों की तूफानी पारी के दौरान एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मात्र 15 साल और 157 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़कर वैभव दलीप ट्रॉफी के इतिहास में फिफ्टी लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने लक्ष्मण सिंह के 16 साल और 23 दिन पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
अब टीम इंडिया के लिए मैदान पर उतरेंगे वैभव
दलीप ट्रॉफी का यह अहम मुकाबला समाप्त होते ही वैभव सूर्यवंशी जल्द ही भारतीय टीम की जर्सी में नजर आने वाले हैं। भारतीय टीम को आगामी दिनों में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके सभी मुकाबले दिल्ली में आयोजित होंगे। इस सीरीज में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का एक्शन देखने को मिल सकता है, जिससे उनके फैंस में भारी उत्साह है।

