12वीं में 75% अंक लाने वालों को मिले 25-25 हजार रुपये, छात्रों का टैलेंट देख गदगद हुए मुख्यमंत्री
भोपाल। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12वीं बोर्ड में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में लैपटॉप के लिए 304 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। सिंगल क्लिक के जरिए प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25-25 हजार रुपये भेजे गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छात्रों के साथ मिलकर रिमोट का बटन दबाया और सांकेतिक रूप से मंच पर 10 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप भी प्रदान किए।
मंच पर छात्रों से आत्मीय संवाद और भविष्य के सपने
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनके लक्ष्यों के बारे में जाना। 12वीं के साथ नीट और जेईई जैसी कठिन परीक्षाएं पास करने वाले छात्रों की प्रतिभा देखकर मुख्यमंत्री ने उनकी जमकर सराहना की। राजनीति में आकर देश सेवा करने, उद्यमी बनकर रोजगार देने और कृषि क्षेत्र को समृद्ध बनाने जैसे छात्रों के विचारों पर मुख्यमंत्री ने उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ज्ञान और कौशल ही जीवन के सबसे बड़े साथी हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि असफलता से कभी निराश न हों और आगे बढ़ते रहें।
शिक्षा के ढांचे का विस्तार और सरकारी स्कूलों का सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और वर्ष 2028 तक राज्य में 55 मेडिकल कॉलेज व 10 हजार एमबीबीएस सीटों का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकारी प्रयासों के चलते स्कूलों में ड्रॉप आउट दर लगभग शून्य हो गई है और अब तक योजना के तहत कुल साढ़े छह लाख छात्रों को 1620 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।

