Sat. Aug 29th, 2026

बिहार के अस्पतालों में डस्टबिन खरीद में गड़बड़ी के आरोप, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश

पटना: बिहार के सरकारी अस्पतालों में डस्टबिन, जरूरी दवाइयों, मेडिकल इक्विपमेंट और दूसरी जरूरी चीजों की खरीद प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के खिलाफ लगे इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव एम.एस. त्यागराजन को सौंपी गई है।विभाग का कहना है कि प्राथमिक शिकायतों और संलग्न दस्तावेजों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने जांच के दिए आदेश

अस्पताल से जुड़ी खरीद-फरोख़्त में कथित वित्तीय गड़बड़ियों के सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के हर पहलू की गहन जांच करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि मिली शिकायतों और उनके साथ मिले सबूतों के आधार पर एक जांच समिति का गठन किया गया है।

विशेष सचिव करेंगे भ्रष्टाचार के आरोपों की पड़ताल

स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव एमएस त्यागराजन को जांच की कमान सौंपी गई है।

समिति बीएमएसआईसीएल द्वारा की गई डस्टबिन, दवाइयों और उपकरण खरीद के कागजातों की जांच करेगी।

जांच टीम को सभी आरोपों की बारीकी से पड़ताल कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश मिला है।

अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बेगूसराय से मिली लिखित शिकायत पर होगी कार्रवाई

बेगूसराय के रहने वाले कौशलेश कुमार की लिखित शिकायत के बाद इस पूरे घोटाले की परतें खुलीं। स्वास्थ्य मंत्री को दी गई अर्जी में शिकायतकर्ता ने खरीद प्रक्रिया में हुई बड़ी गड़बड़ियों से जुड़े अहम दस्तावेज और जानकारी भी लगाई थी। अर्जी में उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए, मंत्री ने तुरंत विभाग के सचिव को जांच शुरू करने का आदेश दिया।

निष्पक्ष एजेंसी से जांच की उठी मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए, शिकायतकर्ता कौशलेश कुमार ने अपील की है कि इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच एजेंसी को सौंपी जाए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से आग्रह किया है कि डस्टबिन और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार की जांच CBI या राज्य सतर्कता विभाग जैसी एजेंसियों से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। हालांकि, इस मामले से जुड़ी और आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।(एजेंसी)

About The Author