बारिश ने मचाई तबाही, Prayagraj में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला भवन ढहा
Prayagraj : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जॉर्ज टाउन इलाके में स्थित स्वामीनारायण मंदिर का एक बड़ा हिस्सा शुक्रवार रात करीब 11 बजे जोरदार आवाज के साथ एक गड्ढे में गिर गया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि मंदिर के तीन मंजिला हिस्से में, जिसमें 12 कमरे थे, कोई भी श्रद्धालु मौजूद नहीं था। गौरतलब है कि प्रयागराज में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।बारिश के बीच ही यह मंदिर भरभराकर गिर गया। मंदिर के बगल खुदे गड्ढे की वजह से मंदिर गिर गया। इसमें कई कमरे जमीदोज हो गए। आसपास के लोगों ने बताया कि बीती रात जब मंदिर गिरा, लगा जैसे भूकंप आ गया हो
स्वामीनारायण संप्रदाय का प्रमुख धार्मिक स्थल
जॉर्जटाउन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में KP कॉलेज के सामने स्थित स्वामीनारायण मंदिर, प्रमुख स्वामीनारायण संप्रदाय के अनुयायियों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। इस भव्य मंदिर के अलावा, परिसर में तीर्थयात्रियों के लिए एक विश्राम गृह और एक गेस्ट हाउस भी है।
मंदिर परिसर के बगल खोदा गया था गड्ढा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर परिसर के पास पिछले तीन-चार महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था। मंदिर के ठीक बगल में लगभग 40 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। लगातार बारिश की वजह से शायद उस गड्ढे में पानी भर गया और माना जा रहा है कि वह पानी रिसकर मंदिर की नींव तक पहुंच गया। नतीजतन, मंदिर का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया, जैसे कोई पेड़ गिरता है। इस घटना से आस-पास के भवन स्वामियों में भी भय व्याप्त है और उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे से बचने के लिए उनके घरों को सुरक्षित करने की आवश्यकता है।
आसपास के मकानों को भी खतरा
मंदिर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड सूबेदार सिंह ने बताया कि खराब मौसम की वजह से श्रद्धालुओं की संख्या कम थी, इसलिए कमरे खाली थे। जॉर्जटाउन स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) रुकुमपाल सिंह ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। जब मंदिर का हिस्सा गिरा, तो उस जगह पर कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले वहां एक गड्ढा खोदा गया था और आशंका जताई कि बारिश के कारण मिट्टी के कटाव से मंदिर का यह हिस्सा गिर गया। (एजेंसी)

