Fri. Aug 28th, 2026

बिकिनी वाले ताने पर Kriti Sanon का करारा जवाब! बहन नूपुर को राखी बांधकर ट्रोलर्स पर कसा तंज

बॉलीवुड अभिनेत्री Kriti Sanon इन दिनों अपने एक रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी हुई हैं। विज्ञापन में पहने गए उनके कपड़ों और एक सीन को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच, अब कृति ने बेहद कूल अंदाज में आलोचकों को जवाब दिया है। उन्होंने अपनी बहन नूपुर सेनन के साथ राखी सेलिब्रेशन की एक तस्वीर शेयर करते हुए ‘राखी फैशन कमेटी’ का जिक्र किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बहन नूपुर के साथ शेयर की तस्वीर

कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर अपनी बहन नूपुर के साथ एक प्यारी सी फोटो शेयर की, जिसमें दोनों के हाथों में राखियां बंधी नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘हालांकि राखी फैशन कमेटी अभी भी मीटिंग कर रही है, लेकिन हम उस चीज पर ध्यान दे रहे हैं जो असल में मायने रखती है। सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं।’ उनका यह कैप्शन सीधे तौर पर उन लोगों पर तंज है जो उनके फेस्टिव आउटफिट को लेकर लगातार बहस कर रहे थे।

क्या था पूरा विज्ञापन विवाद?

दरअसल, एक ब्रांड के लिए शूट किए गए रक्षाबंधन विज्ञापन में कृति सेनन के लुक को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने आपत्ति जताई थी। इस कैंपेन में कृति ने ऑफ-व्हाइट रंग का आउटफिट पहना था, जिसमें ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल थी। इस पर कई लोगों ने सवाल उठाए कि त्योहार पर इस तरह के कपड़े पहनना संस्कृति के खिलाफ है। यहां तक कि अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी तंज कसते हुए कहा था कि कोई ऐसे कपड़ों में भाई को राखी क्यों बांधेगा? इसके अलावा, विज्ञापन के एक अन्य सीन में कुत्ते को राखी बांधने को लेकर भी लोगों ने ब्रांड पर भारतीय त्योहारों का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया था।

पहले भी दिया था आलोचकों को जवाब

विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने पहले ही स्पष्ट किया था कि त्योहारों का असली मतलब हमारे पहने हुए कपड़ों में नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति हमारी भावनाओं और उनके गहरे अर्थ में होता है। अब इस नई पोस्ट के जरिए उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह इन ट्रोलिंग से ज्यादा अपने सेलिब्रेशन और अपनों के साथ पर ध्यान देती हैं।

About The Author

इन्हें भी पढ़े