Nepal Flood: छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की मिली जानकारी, 5 सुरक्षित लौटे रहे, दो अभी भी लापता
Nepal Flood: नेपाल में आए भयानक बाढ़ और भूस्खलन के बाद बने गंभीर हालातों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और खोजबीन तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लगातार अपडेट्स जुटाए जा रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, प्रदेश के कुल 9 नागरिकों की स्थिति का पता चल चुका है, जिनमें से कुछ के सुरक्षित लौटने की खबर है तो कुछ अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित रवाना
प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर के माना इलाके के रहने वाले दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर पूरी तरह सुरक्षित हैं। ये पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब वहां से रायपुर लौटने के लिए सफलतापूर्वक रवाना हो चुके हैं। इसके अलावा रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की मंजू राय चौधरी के परिजनों से भी संपर्क स्थापित हो चुका है, जिनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।
बिलासपुर और सरगुजा की दो नागरिक अब भी लापता
दूसरी ओर, बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी (जो फिनलैंड की नागरिक हैं) और सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता (जो यूके की नागरिक हैं) नेपाल में लापता हैं। डॉ. मीना गुप्ता का अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय बताया गया है। प्रशासन संबंधित केंद्रीय एजेंसियों और नेपाल के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है ताकि उनकी तलाश जल्द से जल्द पूरी की जा सके।
सरकार की पैनी नजर, जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर समन्वय बनाए हुए है। नेपाल गए किसी भी नागरिक के संबंध में जानकारी साझा करने के लिए सरकार ने टोल-फ्री नंबर 1070 और कंट्रोल रूम नंबर 0771-2223471 जारी किए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचाई जा सके।

