Wed. Aug 26th, 2026

इस्लामाबाद के PIMS अस्पताल में भीषण आग, 14 नवजातों की मौत

इस्लामाबाद : बुधवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक अस्पताल में भीषण आग लगने से 14 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। यह घटना पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के स्त्री रोग वार्ड में घटी। दुर्घटना के समय नर्सरी में 15 नवजात शिशु भर्ती थे, लेकिन केवल एक बच्चे की जान बचाई जा सकी।

कैसे हुआ हादसा?

जियो न्यूज के अनुसार, घटना के समय अस्पताल की नर्सरी में 15 नवजात शिशु भर्ती थे। इनमें से केवल एक शिशु को सुरक्षित निकाला जा सका, जबकि 14 अन्य शिशुओं की मौत हो गई। बचाव अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल की नर्सरी में एयर कंडीशनर कंप्रेसर के फटने से आग लगी। आग तेजी से फैल गई और वार्ड धुएं से भर गया। हालांकि, मृतकों की संख्या की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अस्पताल के MCH वार्ड की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। जिला प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में 14 बच्चों के शव पूरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। वहीं, PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीज़ा जलील ने ने डॉन अखबार को बताया कि जिस वार्ड में आग लगी, वहां 15 बच्चे मौजूद थे। उन्होंने कहा, “हो सकता है कुछ बच्चों को रात में छुट्टी दे दी गई हो, इसलिए मृतकों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल सकता।” उन्होंने बताया कि आग सुबह करीब 7 बजे लगी।

छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं

बचाव अभियान में छह दमकल गाड़ियां और चार एम्बुलेंस तैनात की गईं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया। इस घटना से अस्पताल और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। नवजात शिशुओं की मौत से अस्पताल में मौजूद परिजनों का गहरा सदमा लगा। जिला प्रशासन ने घटना के कारणों और किसी भी प्रकार की लापरवाही की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है।

प्रशासन के अनुसार, समिति आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाएगी और यह भी जांच करेगी कि यह घटना किन परिस्थितियों में घटी और क्या अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी।(एजेंसी)

About The Author