MPSC का बड़ा फैसला: महाराष्ट्र ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया निरस्त, दोबारा होगी परीक्षा
MPSC: देश भर में प्रश्नपत्र लीक की समस्या लगातार जारी है। NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक और इसी तरह की अन्य घटनाओं के बाद, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने खाद्य एवं औषधि विभाग में ग्रुप बी के ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए भर्ती परीक्षा रद्द कर दी है। प्रश्नपत्र में अनियमितताओं और लीक की शिकायतों के बाद, मुंबई अपराध शाखा की जांच में कई खामियां सामने आईं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक उम्मीदवार को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र मिल गया था और उसने इसका फायदा उठाया। इसके बाद, आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का फैसला किया।
पेपर लीक के शिकायतों के बाद फैसला
गौरतलब है कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने 29 जुलाई, 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-बी की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद मार्च 2026 में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा महाराष्ट्र भर में छह विभागीय मुख्यालयों में स्थापित केंद्रों पर ऑफलाइन आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद, कुछ छात्रों ने अनियमितताओं की शिकायत की। आयोग को ये शिकायतें 22 से 26 जुलाई के बीच ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुईं। आरोप था कि कुछ छात्रों को प्रश्न पत्र पहले ही मिल चुके थे।

दर्ज हुई शिकायत
शिकायतों के बाद, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने 27 जुलाई, 2026 को मुंबई पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई। तब से जांच जारी है। अपराध शाखा ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी। जांच में पता चला कि एक उम्मीदवार को प्रश्न पत्र समय से पहले मिल गया था। इस रिपोर्ट के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
488 उम्मीदवारों के हुए इंटरव्यू
1 जुलाई से 22 जुलाई, 2026 के बीच 488 योग्य उम्मीदवारों के साक्षात्कार आयोजित किए गए। साक्षात्कारों के समापन के बाद, 22 जुलाई की शाम को आयोग की वेबसाइट पर 488 उम्मीदवारों की एक अस्थायी सामान्य मेरिट सूची जारी की गई। इनमें से 485 उम्मीदवार योग्य पाए गए और तीन अयोग्य घोषित किए गए।
अब अगला चरण क्या होगा?
आयोग अब पूर्व में जारी विज्ञापन के आधार पर परीक्षा का पुनः आयोजन करेगा। संबंधित उम्मीदवारों को पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और उनसे कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा तिथि और अन्य जानकारी के संबंध में एक अलग अधिसूचना जारी की जाएगी।(एजेंसी)

