Mon. Aug 24th, 2026

सरकारी स्कूलों की हालत पर कॉकरोच जनता पार्टी ने उठाए सवाल, शिक्षा मंत्रियों से मांगी 5 साल की रिपोर्ट

अभिजीत दिपके

नई दिल्ली। देश के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने विभिन्न राज्यों की सरकारों से जवाब मांगा है। पार्टी के संस्थापक एवं संयोजक अभिजीत दिपके ने अलग-अलग राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को पत्र भेजकर सरकारी स्कूलों की मौजूदा स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी ने अपने पत्र में स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शिक्षकों की उपलब्धता, बजट, डिजिटल सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए जरूरी संसाधनों से जुड़े कई सवाल उठाए हैं।

सुरक्षित पानी और शौचालय से लेकर क्लासरूम तक सवाल

अभिजीत दिपके ने शिक्षा मंत्रियों से पूछा है कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त क्लासरूम और बैठने की व्यवस्था की क्या स्थिति है। पत्र में मांग की गई है कि सरकार इन सुविधाओं से जुड़े मौजूदा आंकड़े सार्वजनिक करे, ताकि यह पता चल सके कि स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं।

5 साल में कितने स्कूलों का हुआ नवीनीकरण?

कॉकरोच जनता पार्टी ने पिछले पांच वर्षों में सरकारी स्कूलों के नवीनीकरण पर भी सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी है। पार्टी ने पूछा है कि इस अवधि में कितने स्कूलों की मरम्मत हुई, कितने स्कूलों का पूर्ण नवीनीकरण किया गया और वर्तमान में कितने सरकारी स्कूल ऐसे हैं जिन्हें अभी मरम्मत या पूरी तरह अपग्रेड किए जाने की जरूरत है।

शिक्षकों के खाली पदों का मांगा आंकड़ा

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर भी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। पत्र में स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त शिक्षण पदों की पूरी संख्या बताने की मांग की गई है। इसके साथ ही पार्टी ने यह भी जानना चाहा है कि शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई किस तरह प्रभावित हो रही है और उन्हें भरने के लिए सरकार की क्या योजना है।

READ MORE : नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से मचा हड़कंप, 40 लोग अस्पताल में भर्ती; 200 मीटर इलाके में आवाजाही पर रोक

स्कूल शिक्षा पर खर्च का पूरा हिसाब मांगा

पार्टी ने पिछले पांच वर्षों के दौरान सरकारी स्कूलों के लिए जारी बजट और वास्तविक खर्च का विवरण भी मांगा है। पत्र में सरकार से पूछा गया है कि स्कूल शिक्षा के लिए कितनी राशि आवंटित की गई, कितनी राशि खर्च की गई और इस धनराशि का इस्तेमाल किन कार्यों में किया गया।

कितने नए सरकारी स्कूलों की जरूरत?

अभिजीत दिपके ने सरकारों से यह भी पूछा है कि वर्तमान आबादी और विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कितने अतिरिक्त सरकारी स्कूलों की आवश्यकता है। पार्टी का कहना है कि भविष्य की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की संख्या और संसाधनों की योजना तैयार करना जरूरी है।

शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक काम पर भी जवाब मांगा

पत्र में शिक्षकों से शिक्षण कार्य के अलावा कराए जाने वाले गैर-शैक्षणिक कार्यों का भी ब्यौरा मांगा गया है। पार्टी ने सरकार से पूछा है कि शिक्षकों को किन गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में लगाया जाता है और इससे उनके मूल शिक्षण कार्य पर कितना प्रभाव पड़ता है।

डिजिटल शिक्षा और खेल सुविधाओं की स्थिति पर सवाल

कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर, डिजिटल लर्निंग और तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी भी मांगी है। इसके अलावा स्कूलों में स्वच्छ शौचालय, खेल मैदान और विद्यार्थियों के लिए खेल सुविधाओं की स्थिति का भी पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

About The Author