Mon. Aug 24th, 2026

बिहार में ‘विद्या साथी’ ऐप लॉन्च, 3 लाख छात्रों को 75 हजार शिक्षक देंगे फ्री ट्यूशन

Bihar News : बिहार के स्कूली छात्रों के लिए एक बेहद राहत और उपयोगी खबर आई है। राज्य सरकार ने पढ़ाई से संबंधित शंकाओं और प्रश्नों के त्वरित समाधान के लिए “बिहार विद्या साथी” ऐप लॉन्च किया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरस्वती विद्या निकेतन के 700 मॉडल विद्यालयों में इस डिजिटल पहल का औपचारिक शुभारंभ किया। सरकार के इस प्रयास से राज्य के 38 जिलों के लगभग 3 लाख छात्रों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

जानिए ऐप की सबसे बड़ी खासियत क्या है?

अगर पढ़ाई करते समय आधी रात को भी आपको कोई सवाल समझ नहीं आता, तो अब चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। इस योजना के तहत 24×7 मुफ़्त लाइव ट्यूटर उपलब्ध हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को हर समय मुफ्त लाइव ट्यूटर सहायता मिलेगी। 75,000 शिक्षकों की टीम लगभग 75,000 शिक्षक छात्रों को 1:1 (आमने-सामने) लाइव ट्यूटर सहायता प्रदान करेंगे। छात्र अपनी जरूरतों और सुविधा के अनुसार ट्यूटर चुनकर अपनी पढ़ाई से संबंधित सवालों के तुरंत जवाब पा सकेंगे।

किन विषयों और परीक्षाओं को किया गया है कवर?

यह सुविधा कक्षा 9वीं और 10वीं के सभी विषयों के साथ-साथ कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान स्ट्रीम के लिए शुरू की गई है। बिहार बोर्ड की परीक्षाओं के अलावा, JEE और NEET जैसी चुनौतीपूर्ण मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को भी मुफ्त डिजिटल अध्ययन सामग्री मिलेगी। ऐप में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपकरण शामिल हैं, जो छात्रों को अवधारणाओं को आसानी से समझने, अभ्यास परीक्षा देने और डिजिटल रूप से अध्ययन करने में मदद करते हैं।

क्या है सरकार की योजना?

ऐप लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रों को कहीं भी और कभी भी पढ़ाई करते समय शिक्षकों तक पहुंच प्राप्त हो। वर्तमान में इसे 700 मॉडल स्कूलों में लॉन्च किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसका विस्तार राज्य के अन्य सभी सरकारी व संबद्ध विद्यालयों तक किया जाएगा। (एजेंसी)

About The Author