Mon. Aug 17th, 2026

नितिन नबीन की नई टीम से अमित मालवीय का पत्ता साफ, दीपक म्हस्के को मिली IT सेल की कमान

अमित मालवीय

भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में कई अनुभवी और युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा बीजेपी के IT और सोशल मीडिया संगठन में हुए बदलाव को लेकर है। लंबे समय से पार्टी के आईटी सेल की कमान संभाल रहे अमित मालवीय अब इस जिम्मेदारी में नहीं हैं। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नया IT सेल प्रमुख बनाया गया है।

संगठन में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी चुनावी और डिजिटल रणनीति को मजबूत करने में जुटी है। पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में कई नए चेहरों को जगह देने के साथ सोशल मीडिया नेटवर्क को भी नए सिरे से व्यवस्थित करने का फैसला किया है।

2015 से IT सेल संभाल रहे थे अमित मालवीय

अमित मालवीय साल 2015 से भाजपा के IT सेल के प्रमुख की भूमिका में थे। इस दौरान पार्टी के डिजिटल कैंपेन, सोशल मीडिया रणनीति और ऑनलाइन राजनीतिक संचार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अब नई टीम के गठन के साथ पार्टी ने IT सेल की जिम्मेदारी बदल दी है। अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को यह जिम्मेदारी सौंपना भाजपा के डिजिटल संगठन में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

कौन हैं दीपक म्हस्के?

दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ से आने वाले भाजपा के अनुभवी संगठनात्मक नेता हैं। वह पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन और मीडिया से जुड़े कामकाज में सक्रिय रहने के कारण उन्हें पार्टी के संचार तंत्र की अच्छी समझ रखने वाला नेता माना जाता है।

हाल ही में दीपक म्हस्के को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) का अध्यक्ष भी बनाया गया था। अब उन्हें भाजपा के IT सेल की जिम्मेदारी दी गई है।

उनकी नई भूमिका में पार्टी के डिजिटल अभियानों, सोशल मीडिया रणनीति और ऑनलाइन नेटवर्क को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

BJP ने सोशल मीडिया टीम में भी किए बदलाव

सिर्फ IT सेल प्रमुख ही नहीं, भाजपा ने सोशल मीडिया संगठन में भी कई नई नियुक्तियां की हैं। पार्टी ने चार राज्यों से नए सोशल मीडिया समन्वयकों को जिम्मेदारी दी है।

इनमें महाराष्ट्र से प्रीति गांधी, दिल्ली से शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड से आलोक भट्ट और हरियाणा से अरुण यादव शामिल हैं।

इन नियुक्तियों का मकसद राज्यों में पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करना और राष्ट्रीय स्तर की सोशल मीडिया रणनीति को स्थानीय स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना माना जा रहा है।

अनिल बलूनी के पास मीडिया की जिम्मेदारी बरकरार

भाजपा ने मीडिया से जुड़े मोर्चे पर बड़ा बदलाव नहीं किया है। अनिल बलूनी पार्टी के मीडिया संयोजक और मीडिया इन-चार्ज के पद पर बने रहेंगे।

इस तरह नई व्यवस्था में IT और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी अलग नेतृत्व के हाथों में होगी, जबकि पार्टी के मीडिया से जुड़े कामकाज की कमान पहले की तरह अनिल बलूनी के पास रहेगी।

नई टीम में वसुंधरा राजे और राम माधव को भी जगह

नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में कई बड़े नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। वसुंधरा राजे और राम माधव समेत कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने राष्ट्रीय सचिवों और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों की भी घोषणा की है।

आगामी चुनावों से पहले संगठन में बड़ा बदलाव

भाजपा की नई टीम का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब पार्टी के सामने कई राज्यों में विधानसभा चुनावों की चुनौती है। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत चुनावी राज्यों में संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

ऐसे में IT सेल और सोशल मीडिया टीम में हुए बदलाव को चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म आज राजनीतिक दलों के लिए प्रचार, जनसंपर्क और नैरेटिव सेट करने का अहम माध्यम बन चुके हैं।

BJP के डिजिटल नेटवर्क को नई दिशा देने की तैयारी

अमित मालवीय के लंबे कार्यकाल के बाद IT सेल की कमान दीपक म्हस्के को सौंपे जाने से भाजपा के डिजिटल संगठन में नई कार्यशैली देखने को मिल सकती है।

अब नई टीम के सामने पार्टी के ऑनलाइन नेटवर्क को और मजबूत करने, राज्यों के सोशल मीडिया संगठनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और आगामी चुनावों के दौरान भाजपा के डिजिटल कैंपेन को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।

About The Author