छत्तीसगढ़ में मानसून का नया सिस्टम एक्टिव, अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 9 से 12 अगस्त के बीच गरज और बिजली के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी ओडिशा में एक प्रणाली सक्रिय हो गई है। इसके चलते 10 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बीते शनिवार को रायपुर में जोरदार हुई थी बारिश
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीते शनिवार शाम से मौसम बदल गया है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। वहीं, रात भर रुक-रुक कर बारिश जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अगले 24 घंटों में बारिश होने की संभावना है। रविवार सुबह से ही राजधानी के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही थी।
अगले 2 दिन भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें, खासकर बारिश और गरज के दौरान।
राज्य में सामान्य से कम बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर और बीजापुर जिलों एक-दो जगहों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक हुई बारिश सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम रही है। (एजेंसी)

