छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से गरज-चमक के साथ बारिश
Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति में लौट आया है और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने नए मौसम तंत्र के असर से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। रायगढ़, जशपुर, शक्ति, कोरबा और सारंगढ़ समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना नया द्रोणिका
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मौसम का सिस्टम और मजबूत हो सकता है और कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। यह सिस्टम उत्तरी ओडिशा, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे इस इलाके में बारिश और तेज होने की उम्मीद है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में दिन भर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, लगातार बादल छाए रहने के बावजूद अच्छी बारिश न होने के कारण लोगों को उमस भरी और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज हवाओं को लेकर किया अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में भी हवा की रफ्तार लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। जिन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, वहां के नागरिकों से जरूरी सावधानी बरतने और मौसम से जुड़ी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है।(एजेंसी)

