खंडवा के होटल से नॉनवेज पार्सल में निकला मरा चूहा, खाने से बच्चे की तबीयत बिगड़ी
खंडवा: शहर के कहारवाड़ी इलाके के एक नामचीन होटल से खरीदे गए नॉन-वेज खाने के पार्सल में मरा हुआ चूहा मिलने से हड़कंप मच गया है। दूषित और जहरीला खाना खाने के बाद एक बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार वाले उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजीसे वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
पार्सल खोलते ही परिवार के उड़े हो
खानशाह वली वार्ड के रहने वाले सलमान खान ने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्होंने कहारवाड़ी के एक होटल से नॉन-वेज खाना पैक करवाकर मंगवाया था। जब परिवार घर पर खाना खा रहा था, तो उनके बेटे को ग्रेवी में कोई संदिग्ध चीज दिखाई दी। जब उसे बाहर निकाला गया तो सब हैरान और परेशान रह गए। वह मसालों में लिपटा हुआ एक मरा हुआ चूहा था। सलमान के मुताबिक, खाना खाने के कुछ ही देर बाद उनके बेटे को दो से तीन बार उल्टियां हुईं और उसकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल दौड़े, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत
इस घटना से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने सबूत के तौर पर वीडियो और तस्वीरें संभालकर रखी हैं। पिता सलमान खान ने इस घोर लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और संबंधित होटल संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग लेगा स्वतः संज्ञान
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले ने कहा कि हालांकि विभाग को अभी तक कोई आधिकारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर वे इस मामले का स्वतः संज्ञान ले रहे हैं। होटल की गहन जांच की जाएगी और यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का कोई उल्लंघन पाया जाता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। (एजेंसी)

