JPSC छात्रों के समर्थन में ABVP का सीएम आवास मार्च, पुलिस से झड़प
रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की झारखंड इकाई ने शुक्रवार को रांची में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया। यह मार्च भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में निकाला गया था। मार्च डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी से शुरू हुआ। मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान, जब रांची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, तो उनमें से कुछ सड़क पर लेट गए, जबकि कुछ पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गए।
10 एबीवीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अजय आर्यन ने बताया कि ABVP कार्यकर्ताओं की मुख्यमंत्री आवास के पास पुलिस से झड़प हुई और उन्होंने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। आठ से दस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है और उन्हें लालपुर पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा। हिरासत में लिए गए लोगों में ABVP के पदाधिकारी प्रदीप शेखावत, पशुपतिनाथ उपमन्यु और प्रकाश टुटी शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों को सिदो-कान्हू पार्क के पास रोका गया
अजय आर्यन ने बताया कि ABVP के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी से मुख्यमंत्री आवास की ओर विरोध मार्च निकाल रहे थे। किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए उन्हें सिदो-कान्हू पार्क के पास रोक दिया गया।
छात्रों की आवाज दबाने का आरोप
हिरासत में लिए गए ABVP के एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस छात्रों की आवाज दबाने पर तुली हुई है। उनकी लड़ाई सरकार और उसकी नीतियों केखिलाफ है। छात्र और नौकरी के उम्मीदवार दो हफ्ते से ज्यादा समय से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। वे 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं कर रही है। यह मार्च प्रदर्शनकारियों के समर्थन में संगठन द्वारा आयोजित किया गया था।
14वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग
ABVP नेताओं का कहना है कि छात्र और नौकरी के उम्मीदवार यहां जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में दो हफ्ते से ज्यादा समय से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। वे 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं कर रही है। संगठन ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में यह मार्च निकाला है।
छात्रों का प्रदर्शन 15 दिनों से जारी
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शनिवार को 15वें दिन भी जारी रहा, क्योंकि राज्य सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत के बावजूद गतिरोध बना हुआ है। (एजेंसी)

