Sat. Aug 8th, 2026

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक बस हादसा, पहाड़ी से सड़क पर गिरी बस; 7 की मौत, 11 घायल

Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा से एक बड़े बस हादसे की खबर आई है, जहां एक बस अचानक पहाड़ी से नीचे गिर गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। घटनास्थल की तस्वीरों से हादसे की भयावहता का पता चलता है। बस पलट गई थी, जिसके पहिए ऊपर की ओर थे और छत सड़क पर टिकी हुई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई पीड़ितों के शव गाड़ी के अंदर ही फंसे रह गए। बचाव कार्य की कड़ी मशक्कत के बाद, घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तीसा-बैरागढ़ रोड पर चालुज मोड़ के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तीसा-बैरागढ़ रोड पर चालुज मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बस शर्मा बस कंपनी की है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई है। खबर है कि बस में लगभग 15 से 20 लोग सवार थे। घायलों को इलाज के लिए तीसा के सिविल अस्पताल भेजा गया है। हादसे का शिकार हुई बस का रजिस्ट्रेशन नंबर HP73A-2101 है।

सुबह करीब साढ़े 6 बजे हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रैवल्स की यह बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए निकली थी। बस ने अभी तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि चालुज मोड़ के पास ड्राइवर का अचानक नियंत्रण खो गया, जिससे बस नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार थे।घटना का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हुए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल तीसा भिजवाया।

हादसे में 7 लोगों की मौत

खबरों के मुताबिक, बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी, तभी चालुज मोड़ के पास वह हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में सात लोगों—चार पुरुषों और तीन महिलाओं—की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर और कंडक्टर की भी मौत हो गई है। हादसा कैसे हुआ, इस बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

गौर करने वाली बात है कि भारी बारिश की वजह से हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। मॉनसून की शुरुआत से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 64 लोगों की जान जा चुकी है और भूस्खलन की 14 घटनाएं दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 12 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।(एजेंसी)

About The Author