Fri. Aug 7th, 2026

Mithun Chakraborty Health Update: 76 साल के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की हुई सर्जरी, अस्पताल से मिली छुट्टी

Mithun Chakraborty Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मिथुन चक्रवर्ती को कोलकाता के एक निजी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद गुरुवार को उनके दाहिने हाथ की एक सफल छोटी (माइनर) सर्जरी की गई थी। डॉक्टरों के अनुसार, सर्जरी के बाद उनकी सेहत पूरी तरह से ठीक और स्थिर है।

शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना।

पुरानी दुर्घटना की वजह से लगी मेटल प्लेट को निकाला गया

मिली जानकारी के मुताबिक, सालों पहले हुए एक हादसे के बाद मिथुन चक्रवर्ती के दाहिने हाथ में एक डॉक्टरों द्वारा मेटल प्लेट लगाई गई थी। हाल ही में डॉक्टरों की सलाह पर एक छोटी सी सर्जरी के जरिए इस प्लेट को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया है।

अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा है और मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल से डिस्चार्ज होकर कोलकाता के न्यूटाउन स्थित अपने आवास लौट गए हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने तस्वीरें कीं शेयर

शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु होने की प्रार्थना की। तस्वीरों में मिथुन दा स्वस्थ और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।

5 दशकों का शानदार फिल्मी सफर

76 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के सबसे पसंदीदा और प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। अपने पांच दशक से भी अधिक लंबे और यादगार फिल्मी करियर में उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। ‘डिस्को डांसर’ के नाम से मशहूर मिथुन दा राजनीति में भी बेहद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

About The Author