Fri. Jul 24th, 2026

पेपर लीक पर सरकार का सख्त कानून, दोषियों को 10 साल की सजा और 10 करोड़ तक जुर्माना

Modi Cabinet Paper Leak Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में “पेपर लीक बिल संशोधन” को मंजूरी दी गई। इस विधेयक में पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त प्रावधान शामिल होंगे। यह विशेष त्वरित न्यायालयों को कानूनी मान्यता प्रदान करेगा, जिन्हें तीन महीने के भीतर सुनवाई करके फैसला सुनाना अनिवार्य होगा। जबकि पेपर लीक मामले में 10 साल की सजा और 10 करोड़ के जुर्माना का प्रावधान होगा। पेपर लीक संसोधन विधायक अगले हफ्ते ही संसद में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसे सोमवार के दिन ही सदन में पेश किया जाएगा।

पीएम मोदी ने दिया था वीडियो मैसेज

गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने परीक्षा पत्र लीक मामले पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने कहा, “परीक्षा पत्र लीक कोई मामूली बात नहीं है। इससे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को काफी पीड़ा होती है। इसलिए, परीक्षा पत्र लीक की घटना के बाद पिछले ढाई महीनों में हमने कई कदम उठाए हैं। दोषियों को पकड़ लिया गया है और वे जेल में हैं। यह हमारी जिम्मेदारी थी कि छात्रों का पूरा साल बर्बाद न हो, इसलिए हमने कम समय में 22 लाख छात्रों की परीक्षाएं आयोजित कीं। परिणाम भी 19 जुलाई को घोषित किए गए। हम इससे संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए, हमने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का निर्देश दिया है।”

27 जुलाई को आ सकता है बिल

सरकार का कहना है कि इन अदालतों की स्थापना की प्रक्रिया कानून बनाकर शुरू की जाएगी। पेपर लीक मामलों की सुनवाई इन अदालतों में अधिकतम तीन समय-सीमाओं के भीतर की जाएगी। यह विधेयक 27 जुलाई को सदन में पेश किया जा सकता है। इससे पहले शुक्रवार को दोनों सदनों में पेपर लीक मामले को लेकर भारी हंगामा हुआ, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा को रविवार तक के लिए स्थगित करना पड़ा।इसके अलावा, केंद्र सरकार ने गुरुवार को शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल किया। नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वे राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान सचिव विनीत जोशी का स्थान लेंगे।

फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का हो चुका है ऐलान

गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी ने नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की घोषणा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सोनम वांगचुक नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में 26 दिनों से भूख हड़ताल पर थे, जिसे उन्होंने गुरुवार को समाप्त किया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी भी पिछले एक महीने से इस मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। (एजेंसी)

About The Author