Tue. Jul 21st, 2026

MP विधानसभा में किसानों पर हंगामा, UCC विधेयक पर भी घमासान

मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। वहीं सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) समेत कई अहम विधेयक सदन में पेश करने की तैयारी की, जिस पर विपक्ष ने विरोध दर्ज कराया।

 

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से हो गई। सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने गांधी प्रतिमा के सामने धरना देकर खाद, बीज, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), कर्ज माफी और सोयाबीन खरीद जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना के मुखौटे पहनकर विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान खाद और बीज की कमी से जूझ रहे हैं और सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन में किसानों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की मांग करेगा।

 

कांग्रेस के आरोपों पर कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, उन्हें नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

 

इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा पहुंचने से पहले कहा कि आज का दिन मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि सरकार समान नागरिक संहिता (UCC) सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश करेगी। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में समान न्याय और सुशासन की दिशा में बड़ा कदम बताया।

 

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने भी UCC का समर्थन करते हुए कहा कि यह समय की आवश्यकता है और इससे सभी नागरिकों को समान कानूनी अधिकार मिलेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा गौर ने भी इसे महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

 

वहीं कांग्रेस ने UCC का विरोध किया। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि इस विधेयक को लेकर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी। विधायक आतिफ अकील काले कपड़े पहनकर और विरोध की तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मांग की कि जिस प्रकार आदिवासी समुदाय को UCC के दायरे से बाहर रखा गया है, उसी प्रकार मुस्लिम समुदाय को भी इससे बाहर रखा जाए।

 

मानसून सत्र के पहले दिन किसानों के मुद्दों और UCC को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बहस देखने को मिली। आने वाले दिनों में इन दोनों मुद्दों पर सदन में जोरदार चर्चा होने की संभावना है।

 

 

About The Author