Thu. Jul 16th, 2026

13 नाविकों की मौत के बाद केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, होर्मुज रूट पर भारतीयों की तैनाती पर लगी रोक

Strait of Hormuz: अमेरिका और ईरान एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। दोनों तरफ से भारी बमबारी हुई है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कई जहाजों को भी निशाना बनाया है। अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव के कारण भारत को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। फरवरी के आखिर में शुरू हुए इस टकराव के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास के इलाकों में 13 भारतीय नाविकों की जान जा चुकी है।मंगलवार को एक और परिवार को दुखद खबर मिली, जब साइप्रस के झंडे वाले जहाज पर सवार एक लापता भारतीय नाविक की मौत की पुष्टि हुई। यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तभी ईरान ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने ईरानी राजनयिक को तलब किया।

भारत सरकार ने लिया फैसला

व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच, भारत सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। नौवहन महानिदेशालय ने शिपिंग कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अगले आदेश तक होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले किसी भी जहाज पर भारतीय नाविकों को तैनात न करें। यह निर्देश जहाज मालिकों, जहाज प्रबंधन कंपनियों और भर्ती एजेंसियों, सभी को भेजा गया है। नौवहन महानिदेशालय ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति खराब हो गई है, इसलिए यह सर्कुलर जारी करना जरूरी हो गया था।

इसके अलावा, नौवहन निदेशालय ने फारस की खाड़ी या ओमान की खाड़ी में मौजूद जहाजों को बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है। निदेशालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि जहाज के कप्तानों को सुरक्षा को लेकर बहुत ज्यादा सतर्क रहना चाहिए, समय-समय पर समुद्री चेतावनियों और सुरक्षा एडवाइजरी पर नजर रखनी चाहिए, और ‘शिप सिक्योरिटी प्लान’ (ISPS कोड के तहत) के साथ-साथ कंपनी की सुरक्षा प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करना चाहिए।

ईरान पर अमेरिका ने फिर किया हमला

एक बार फिर ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव हुआ है। अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर बमबारी की है। ईरानी अधिकारियों का दावा है कि दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज में एक कैंसर अस्पताल के पास मिसाइल हमला हुआ। यह घटना तब हुई जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाते हुए हमलों के दूसरे दौर की घोषणा की। घटना के बाद स्थानीय अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।(एजेंसी)

 

About The Author