Wed. Jul 15th, 2026

महादेव बेटिंग ऐप केस में बड़ी कार्रवाई, EbixCash चेयरमैन विकास गर्ग गिरफ्तार

ED ने दिल्ली से किया गिरफ्तार, 940 करोड़ की संपत्तियां पहले ही हो चुकी हैं कुर्क, रायपुर में होगी पेशी

 

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद ईडी की टीम उन्हें रायपुर लेकर रवाना हो गई है। बुधवार को विकास गर्ग को रायपुर की पीएमएलए (PMLA) कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां जांच एजेंसी पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी।

 

ईडी के अनुसार, इससे पहले विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनके स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली कंपनियों की करीब 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से अर्जित कथित अवैध धन का निवेश विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में किया गया।

 

ईडी का कहना है कि इस धन को कई कंपनियों के जरिए लेयरिंग कर शेयर, प्रतिभूतियों और अन्य परिसंपत्तियों में निवेश किया गया, ताकि धन के स्रोत को छिपाया जा सके। जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर इसी अवैध धन का इस्तेमाल कर एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के माध्यम से EbixCash में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई।

 

जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास गर्ग तीन सूचीबद्ध कंपनियों विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं। ईडी का आरोप है कि महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े धन को विभिन्न कंपनियों के जरिए वैध दिखाने का प्रयास किया गया।

 

फिलहाल मामले की जांच जारी है। ईडी वित्तीय लेनदेन, निवेश और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। अदालत में पेशी के बाद आगे की कार्रवाई रिमांड और जांच के आधार पर तय होगी। उल्लेखनीय है कि जांच एजेंसी के आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े