राम मंदिर दानपात्र चोरी पर अयोध्या में पोस्टर वॉर, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
दानपात्र चोरी के विवाद के बीच लगे राजनीतिक पोस्टर, प्रशासन ने बिना अनुमति वाले बैनर हटाए
अयोध्या में राम मंदिर दानपात्र से धन चोरी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मुद्दे पर जारी बयानबाजी के बीच शहर में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। विपक्ष के आरोपों के बाद सत्तापक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाना बनाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए।
इन पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तस्वीरों के साथ राजनीतिक संदेश लिखे गए। पोस्टरों के जरिए विपक्ष पर राम मंदिर और अयोध्या को लेकर सवाल उठाए गए, जिससे शहर का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।
राम मंदिर दानपात्र से धन चोरी का मामला सामने आने के बाद से विपक्ष लगातार सरकार और मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठा रहा है। वहीं सत्तापक्ष का कहना है कि विपक्ष इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।
पोस्टर लगाए जाने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर्म पथ समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों से बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर और बैनर हटवा दिए। कई स्थानों पर पोस्टर आधे फटे और हटाए हुए दिखाई दिए। अयोध्या पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए अवैध पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई की है।
फिलहाल दानपात्र चोरी का मामला राजनीतिक बहस का केंद्र बना हुआ है। मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है, जबकि विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे पर लगातार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

