राम मंदिर ट्रस्ट में CEO पद के लिए भर्ती, 18 जुलाई तक करें आवेदन
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 3 साल के अनुबंध पर CEO पद के लिए आवेदन मांगे, अनुभवी और योग्य उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ट्रस्ट के अनुसार यह नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे संतोषजनक कार्य के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। चयनित उम्मीदवार की नियुक्ति अयोध्या में होगी, जबकि वेतन और अन्य सेवा शर्तें आपसी सहमति से तय की जाएंगी।
आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। आवेदक की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही किसी बड़े सरकारी विभाग, सार्वजनिक संगठन, संस्थान या कंपनी में कम से कम 20 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव आवश्यक है। सामान्य प्रशासन, वित्त, लेखा, मानव संसाधन, जनसंपर्क, सूचना प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और विधिक मामलों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ट्रस्ट ने बताया कि मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्थान के प्रबंधन का अनुभव रखने वाले तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी। आवश्यक अनुभव रखने वाले सेवानिवृत्त अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं। धार्मिक पात्रता के तहत आवेदक का सक्रिय रूप से हिंदू धर्म का पालन करने वाला होना जरूरी है। भगवान श्रीराम का भक्त होना और वैष्णव परंपरा से जुड़ाव वांछनीय माना गया है। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का कार्यसाधक ज्ञान भी आवश्यक होगा।
चयनित CEO ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेगा और प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, ट्रस्ट की संपत्तियों के संरक्षण तथा संस्थान के समग्र संचालन और विकास की जिम्मेदारी संभालेगा। इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक ईमेल के माध्यम से अपना आवेदन भेज सकते हैं।

