Mon. Jul 13th, 2026

Thailand Pub Fire: बैंकॉक के नाइट पब में आग का तांडव, 27 लोगों की मौत, कई घायल

Thailand Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सोमवार तड़के (13 जुलाई 2026) एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। अधिकारियों ने इस खौफनाक हादसे की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

आधी रात को पब बना आग का गोला

राहत और बचाव दल द्वारा जारी किए गए वीडियो और फुटेज के अनुसार, यह भयानक हादसा बैंकॉक के उत्तरी हिस्से के चाटुचक जिले में स्थित ‘रोंग बीयर ना लाट फ्राओ’ नामक पब में हुआ। आधी रात के आसपास जब पब में लोग संगीत और ड्रिंक्स का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) के पास से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पब में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

टॉयलेट में छिपे लोगों की तड़पकर मौत

हादसे के बाद जो स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई हैं, वे बेहद विचलित करने वाली हैं। आग लगने के दौरान पब का मुख्य रास्ता लपटों से घिर चुका था, जिसके कारण कई पीड़ितों ने अपनी जान बचाने के लिए पब के शौचालयों (Toilets) में शरण ले ली। लेकिन धुएं के भारी गुबार और ऑक्सीजन की कमी के कारण वे वहीं फंस गए। आग बुझने के बाद राहत कर्मियों को सबसे ज्यादा शव इन्हीं शौचालयों के भीतर से बरामद हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने खुद किया घटनास्थल का दौरा

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए तुरंत घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की और बताया कि झुलसे हुए कई अन्य लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आग लगने के असली कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मात्र आधे घंटे में सब कुछ स्वाहा

आपातकालीन सेवाओं को आधी रात से ठीक पहले इस आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कई फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल कर कड़ी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग बुझने के बाद पब के अंदर का नजारा बेहद भयावह था; चारों तरफ जली हुई मेज, कुर्सियां और राख का ढेर लगा हुआ था। फिलहाल, बचावकर्मी मलबे में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

About The Author