Sat. Jul 11th, 2026

MBBS की 20 नई सीटों को NMC की मंजूरी, अब 250 छात्रों को मिलेगा दाखिला

JNM Medical College

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मेडिकल शिक्षा हासिल करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में अब 250 छात्रों को प्रवेश मिल सकेगा। इससे पहले यहां 230 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध थीं।

NMC ने जारी किया लेटर ऑफ परमिशन

एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने 10 जुलाई 2026 को जारी लेटर ऑफ परमिशन (LoP) में रायपुर जेएनएम मेडिकल कॉलेज की प्रवेश क्षमता बढ़ाने की स्वीकृति दी है। कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एवं आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध है। नई मंजूरी के बाद कॉलेज में 20 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें बढ़ाई गई हैं।

1963 से अब तक लगातार बढ़ी प्रवेश क्षमता

रायपुर का जेएनएम मेडिकल कॉलेज वर्ष 1963 में केवल 60 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद समय-समय पर सीटों में विस्तार किया गया।

1963 – 60 सीटें
बाद में – 100 सीटें
2009 – 150 सीटें
2019 – 180 सीटें
2023 – 230 सीटें
2026 – 250 सीटें

लगातार बढ़ती सीटें राज्य में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

READ MORE : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा तेज, टीएस सिंह देव के नाम की उठी मांग

छत्तीसगढ़ के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

एमबीबीएस सीटों में बढ़ोतरी से प्रदेश के अधिक विद्यार्थियों को अपने राज्य में मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे बाहर के राज्यों में प्रवेश के लिए होने वाली प्रतिस्पर्धा और अतिरिक्त खर्च का बोझ भी कम होने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एनएमसी के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रयासों से राज्य में चिकित्सा शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि इससे भविष्य में प्रदेश में डॉक्टरों की उपलब्धता भी बेहतर होगी।

About The Author