Lock Upp 2: ‘भाड़ में जाए सीनियोरिटी!’ आकांक्षा चौधरी ने शिल्पा शिंदे पर कसा तीखा तंज, ‘बिग बॉस 11’ की जीत को बताया ‘रोटियां बेलने का खेल’
Lock Upp 2: नेटफ्लिक्स का मशहूर रियलिटी शो ‘लॉकअप: सच या सजा’ (Lock Upp 2) इन दिनों अपने हाई-वोल्टेज ड्रामे और तकरार की वजह से जबरदस्त सुर्खियों में है। रितेश देशमुख और फराह खान द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो का हर एपिसोड दर्शकों को हैरान कर रहा है। हाल ही में शो में टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने बतौर पहली वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट एंट्री ली है। लेकिन घर में कदम रखते ही शिल्पा, घर के बाकी सदस्यों के निशाने पर आ गई हैं। मेकर्स द्वारा जारी किए गए लेटेस्ट प्रोमो में कंटेस्टेंट आकांक्षा चौधरी और शिल्पा शिंदे के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है।
एक्सेस कार्ड को लेकर श्रेया कालरा से हुई थप्पड़ की बात
विवाद की शुरुआत तब हुई जब आकांक्षा चौधरी और श्रेया कालरा के बीच ‘एक्सेस कार्ड’ को लेकर तनाव बढ़ गया। इस कार्ड के जरिए श्रेया के पास आकांक्षा के खाने पर नियंत्रण रखने की पावर है। जब आकांक्षा ने डिजिटल कैंटीन से खाना ऑर्डर करने की कोशिश की, तो श्रेया ने उन्हें रोक दिया और माफी मांगने को कहा। बात इतनी बढ़ गई कि श्रेया ने आकांक्षा को चेतावनी देते हुए कहा, “मुझे दोबारा छुआ तो थप्पड़ मार दूंगी।” जवाब में आकांक्षा ने भी उनका खेल बर्बाद करने की धमकी दे डाली। दोनों को लड़ता देख आकांक्षा चमोला और वरुण यादव ने बीच-बचाव किया।
शिल्पा शिंदे की ‘बिग बॉस 11’ की जीत पर कसा तंज
श्रेया से बहस के तुरंत बाद आकांक्षा का गुस्सा वाइल्डकार्ड एंट्री शिल्पा शिंदे पर फूट पड़ा। आकांक्षा ने शिल्पा की ‘बिग बॉस 11’ की ऐतिहासिक जीत पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “पिछले शो में रोटियां बनाते-बनाते शो जीते थे, यहां रोटियां बनाने का कोई सिस्टम नहीं है मैडम।”
‘भाड़ में जाए सीनियोरिटी हर्षद!’
आकांक्षा को इतना उग्र होते देख हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की। हर्षद ने आकांक्षा को याद दिलाया कि शिल्पा शिंदे इंडस्ट्री की एक सीनियर आर्टिस्ट हैं और उन्हें उनका सम्मान करना चाहिए। इस पर आकांक्षा ने चिल्लाते हुए कहा, “भाड़ में जाए सीनियोरिटी हर्षद।” आकांक्षा के दोस्त योगेश रावत ने भी उनका समर्थन किया और कहा, “कोई भी होगा सीनियर आर्टिस्ट, अपने घर पर होगा।”
इस जबरदस्त लड़ाई ने साफ कर दिया है कि शिल्पा शिंदे के आने के बाद ‘लॉकअप 2’ के घर का समीकरण पूरी तरह बदल चुका है और आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को और भी ज्यादा ड्रामा देखने को मिलने वाला है।

