US Iran Strike: अमेरिका का ईरान पर नया हमला, चाबहार-बुशहर समेत कई शहरों में धमाके
वॉशिंगटन/तेहरान: गुरुवार तड़के अमेरिकी सेना ने ईरान पर नए हमले किए। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने इन हमलों की जानकारी दी। इन हमलों से कुछ घंटे पहले, नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तुर्की पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम समाप्त हो सकता है। ईरान पर नए हमले की जानकारी देते हुए केंद्रीय कमान ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सुनिश्चित करना है।
चाबहार में हमलों के बाद पावर कट
अमेरिकी हमलों ने ईरान के तटीय शहरों को दहला दिया है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर चाबहार में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। चाबहार और एक अन्य तटीय शहर कोनारक में लगभग 10 धमाकों की आवाज सुनी गई। गौरतलब है कि भारत ने चाबहार में महत्वपूर्ण निवेश किया है और वहां बंदरगाह का विकास किया है। ईरानी मीडिया ने अमेरिकी हमलों में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका कमर्शियल शिपिंग और आम नागरिकों के क्रू पर हाल ही में की गई गैर-जरूरी आक्रामकता के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहरा रहा है, जो एक अहम इंटरनेशनल जलमार्ग पर आजादी से यात्रा कर रहे थे।
न्यूक्लियर शहर बुशहर में भी धमाके
ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि बुशहर शहर में धमाकों की आवाज सुनी गई है। यह स्पष्ट नहीं है कि धमाके कहां हुए। बुशहर में ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है। हालांकि, ईरानी नूर न्यूज एजेंसी ने कहा कि संयंत्र को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
ट्रंप ने दी ईरान को नई चेतावनी
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चेतावनी दी है कि अगर ईरानी सेना होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाना जारी रखती है, तो अमेरिका की जवाबी कार्रवाई और भी भीषण होगी। ट्रंप ने कहा, “यह कल ईरान द्वारा जहाजों पर की गई बमबारी का बदला है। अगर ऐसा दोबारा हुआ, तो स्थिति और भी बिगड़ जाएगी।”
ईरान ने दी जवाबी हमले की धमकी
अमेरिका और ईरान ने युद्ध समाप्त करने और स्थायी शांति हासिल करने के लिए 17 जून को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन हालिया तनाव ने आगे की बातचीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद से संबद्ध नूर न्यूज एजेंसी ने कहा कि ईरानी सेना जल्द ही क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमला करके जवाबी कार्रवाई करेगी। (एजेंसी)

