दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर सायरा बानो हुईं भावुक, इमोशनल पोस्ट में छलका दर्द
Saira Banu On Dilip Kumar’s Death Anniversary: आज दिग्गज दिवांगत अभिनेता दिलीप कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि है। इस खास मौके पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने दिलीप साहब को याद करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने उन्हें अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत हिस्सा भी बताया। जानिए अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में क्या लिखा है।
सायरा ने लिखा ‘यादें कभी खत्म नहीं होतीं’
सायरा बानो और दिलीप कुमार का साथ लगभग 45 साल का रहा। शादी से लेकर दिलीप साहब से अंतिम वक्त तक सायरा उनके साथ रहीं। दिलीप साहब की पुण्यतिथी के दिन सायरा ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जिंदगी की सबसे खूबसूरत बात यह है कि यह कभी पूरी तरह से खत्म नहीं होती। यह यादों में बनी रहती है और यादें, समय की तरह नहीं, बल्कि वफादार साथी की तरह होती हैं। वे बिना बुलाए लौट आती हैं, हर मुस्कान, हर नजर, हर शब्द को साथ लेकर, जैसे कुछ भी कभी खोया ही न हो। किसी को याद करना शायद इस बात का सबसे पक्का सबूत है कि उन्हें कभी भुलाया नहीं गया।’
सायरा बोलीं- ‘मैं उनकी शुक्रगुजार हूं’
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ‘साहिब के मेरी नजरों से दूर हुए पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन वह मेरी जिंदगी से कभी दूर गए ही नहीं। हमारे प्यार मे इतनी गहराई है कि समय भी इसे रोक नहीं सकता। इतनी शालीनता वाला साथ किसी की गैर-मौजूदगी में खत्म नहीं होता। वह वहां रहते हैं जहां मेरी यादें जाती हैं और मेरी यादें हर रोज उन्हीं के पास जाती हैं। मैं उनकी शुक्रगुजार हूं।’
45 साल का रहा सायरा- दिलीप का साथ
दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार और एक्ट्रेस सायरा बानो की शादी 11 अक्टूबर 1966 को हुई थी। शादी के समय से लेकर दिलीप जी के आखिरी सफर तक, सायरा हमेशा उनके साथ एक साये की तरह रहीं। जब सायरा ने 44 साल के मशहूर एक्टर से शादी की, तब वह सिर्फ़ 22 साल की थीं। हालांकि, इस जोड़े की कोई संतान नहीं थी। वे कई हिट फिल्मों में भी साथ नजर आए। दर्शकों ने गोपी, सगीना और बैराग जैसी फिल्मों में उनकी जोड़ी को बहुत पसंद किया।
98 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार लंबे समय से सांस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे। इसी बीमारी से जूझते हुए 7 जुलाई 2021 को 98 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनकी पत्नी सायरा बानो ने आखिर तक उनकी देखभाल की। लेकिन आखिरकार, दिलीप कुमार अपनी आखिरी यात्रा पर निकल गए और सायरा के पास सिर्फ उनकी यादें रह गईं। (एजेंसी)

