श्रीलंका की हाई सिक्योरिटी जेल में खूनी गैंगवार, 23 की मौत, 100 से ज्यादा घायल
कोलंबो के पास नेगोम्बो जेल में ड्रग माफिया से जुड़े दो कैदी गुटों के बीच हिंसक संघर्ष, 4 गार्ड और 19 कैदियों की मौत
कोलंबो। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के पास स्थित नेगोम्बो हाई सिक्योरिटी जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने भीषण दंगे का रूप ले लिया। इस घटना में 4 सुरक्षाकर्मियों और 19 कैदियों समेत कुल 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज नेगोम्बो अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह हिंसा ड्रग्स तस्करी से जुड़े दो प्रतिद्वंद्वी गैंग के कैदियों के बीच शुरू हुई। रविवार रात शुरू हुआ विवाद सोमवार सुबह तक लगातार चलता रहा और पूरे जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
नेगोम्बो अस्पताल की निदेशक पुष्पा गामलाथ ने बताया कि अस्पताल में 23 शव लाए गए हैं, जबकि 100 से अधिक घायल कैदियों और सुरक्षाकर्मियों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई घायलों को गोली लगी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेगोम्बो जेल श्रीलंका की सबसे हाई सिक्योरिटी जेलों में शामिल है। पुलिस के मुताबिक, जेल में बंद ड्रग माफिया के दो विरोधी गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े दंगे में बदल गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जेल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

