राम मंदिर चढ़ावा गबन जांच में बड़ा खुलासा: आरोपी के घर से Paytm QR कोड वाला ‘रामराज्य कोष’ संदूक बरामद
Ayodhya Ram
जांच एजेंसियों को संगठित गिरोह की भूमिका पर शक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत पर दर्ज FIR के बाद 8 आरोपी न्यायिक हिरासत में।
अयोध्या। श्रीराम मंदिर चढ़ावा गबन मामले की जांच में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच टीम ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के घर छापेमारी के दौरान ‘रामराज्य कोष’ लिखा एक संदूक बरामद किया। संदूक पर Paytm का QR कोड भी चिपका मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि राम भक्तों से डिजिटल माध्यम से धन एकत्र किया जा रहा था। जांच एजेंसियों को इस पूरे मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका होने का संदेह है। फिलहाल आरोपी अविनाश शुक्ला न्यायिक हिरासत में हैं।
इससे पहले 28 जून को पुलिस ने मामले से जुड़े सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की थी। टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा समेत अन्य आरोपियों के ठिकानों की तलाशी ली गई थी। कौशलपुरी फेस-1 स्थित अविनाश शुक्ला के किराए के मकान को भी सील कर दिया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने मकान के प्रवेश मार्ग को बंद कर पूरे क्षेत्र को निगरानी में रखा था।
मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। नामजद आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्रीराम शंकर यादव उर्फ टिन्नू शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जिसमें जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
इसी मामले में अदालत ने सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 जुलाई तक बढ़ा दी है। आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

